सैफ अली खान को मिली धमकी, बाबा सिद्दीकी हत्याकांड से जुड़ रहे तार

Saif Ali Khan Threat: बॉलीवुड हस्तियों को लगातार मिल रही धमकियों के बीच अब अभिनेता सैफ अली खान (Saif Ali Khan) को धमकी मिलने का मामला आया है, जिसके तार वर्ष 2024 के बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के वांटेड आरोपी जीशान अख्तर से जुड़े होने की बात कही जा रही है।

रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई पुलिस इस धमकी की गंभीरता से जांच कर रही है और यह सत्यापित कर रही है कि संदेश या धमकी वास्तव में जीशान अख्तर की ओर से भेजी गई है या फिर किसी अन्य व्यक्ति ने उनका नाम इस्तेमाल किया है।

हर पहलू पर पड़ताल

मुंबई पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस धमकी के पीछे वाकई जीशान अख्तर का हाथ है या कोई शरारती तत्व अथवा अपराधी मशहूर हस्तियों को निशाना बनाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए उनके नाम का सहारा ले रहा है। फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी हस्तियों के खिलाफ सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता और बढ़ा दी है।

पहले भी सामने आ चुके हैं मामले

पुलिस अधिकारियों ने इस मामले की पृष्ठभूमि में हाल ही में सामने आए अन्य घटनाक्रमों का भी जिक्र किया है। इसी महीने की शुरुआत में अभिनेता आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को भी इसी तरह के धमकी भरे संदेश मिले थे। उन मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने बेंगलुरु निवासी 30 वर्षीय आईटी पेशेवर वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी का किसी आपराधिक गिरोह से कोई संबंध नहीं था। उसने कथित तौर पर धमकियां भेजने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल किया था। इसी अनुभव को ध्यान में रखते हुए मुंबई पुलिस सैफ अली खान को मिली धमकी के स्रोत और तकनीक की भी बारीकी से जांच कर रही है।

Back to top button