
Uttarakhand में भीषण अग्निकांड, Uttarkashi के Pavani गांव में 33 मकान जलकर राख
Uttarakhand: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील अंतर्गत दुर्गम पवाणी गांव में मंगलवार (24 नवंबर 2026) शाम लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचाई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गांव के 33 मकान जलकर पूरी तरह राख हो गए। आग की लपटें इतनी तेज़ थीं कि गांव का पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी इसकी चपेट में आ गए।
पुरोला के उपजिलाधिकारी (SDM) से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस अग्निकांड में कुल 58 परिवार प्रभावित हुए हैं, जबकि गांव के केवल 13 मकान ही सुरक्षित बच पाए हैं। राहत की बात यह है कि इस भयावह हादसे में अब तक किसी व्यक्ति के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। गैस सिलेंडर से आग लगने की आशंका है। दुर्गम रास्ते के बावजूद मौके पर बचाव टीमें पहुंचीं । उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण गैस सिलेंडर विस्फोट या रिसाव माना जा रहा है। उन्होंने पुष्टि की कि हादसे में 33 आवासीय भवन प्रभावित हुए हैं और आग की चपेट में आने से ग्रामीणों के मवेशियों को भी नुकसान पहुंचा है।
पैदल मार्ग से गांव पहुंची रेस्क्यू टीम: जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, पवाणी गांव मोरी तहसील मुख्यालय से लगभग 55 से 60 किलोमीटर दूर स्थित है और मुख्य सड़क से करीब 300 से 400 मीटर पैदल चलकर ही गांव तक पहुंचा जा सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (SDRF), अग्निशमन और राजस्व विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य संभाला।





