Miss Universe 2026: जेनिफर बैरेटो बनीं मिस यूनिवर्स, भारत टॉप 12 नहीं बना सका जगह

Miss Universe 2026 Winner: दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता मिस यूनिवर्स 2026 के 75वें संस्करण का समापन हो गया है, जिसमें मेजबान देश प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने विजेता का ताज अपने नाम किया है।

सैन जुआन के जोस मिगुएल एग्रेलॉट कोलिजियम में आयोजित ग्रैंड फिनाले में पूर्व मिस यूनिवर्स और मेक्सिको की फातिमा बॉश ने जेनिफर बैरेटो को ताज पहनाया, जबकि भारत की ओर से प्रतिनिधित्व कर रहीं केरल की 19 वर्षीय काजिया लिज मेजो टॉप 30 में स्थान बनाने के बाद टॉप 12 की दौड़ से बाहर हो गईं।

प्यूर्टो रिको को छठा खिताब

116 देशों की प्रतिभागियों के बीच हुए कड़े मुकाबले में घरेलू दर्शकों के सामने जीत दर्ज कर जेनिफर बैरेटो ने प्यूर्टो रिको को छठी बार मिस यूनिवर्स का खिताब दिलाया, साथ ही वे इस प्रतियोगिता को जीतने वाली पहली विवाहित महिला और मां भी बनीं।

फाइनल मुकाबले में डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा नुनेज फर्स्ट रनर-अप रहीं, जबकि वेनेजुएला की क्लारा वेगास गोएट्ज ने सेकंड रनर-अप का स्थान हासिल किया। इनके अलावा फिलीपींस और न्यूजीलैंड की सुंदरियों ने भी टॉप 5 फाइनलिस्ट में अपनी जगह बनाई।

भारत का टॉप 30 तक का सफर

भारत की काजिया लिज मेजो ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति के दम पर 116 प्रतिभागियों में से टॉप 30 सेमीफाइनलिस्ट में जगह बनाकर देश का नाम रोशन किया, हालांकि स्विमसूट राउंड के बाद वे ईवनिंग गाउन राउंड के लिए चयनित टॉप 12 में स्थान नहीं बना सकीं। इससे भारत के चौथे मिस यूनिवर्स ताज का इंतजार आगे बढ़ गया है, जिसे इससे पहले सुष्मिता सेन (1994), लारा दत्ता (2000) और हरनाज संधू (2021) ने जीता था।

प्रतियोगिता के निर्णायक प्रश्न-उत्तर दौर में टॉप 5 प्रतिभागियों से पूछा गया कि इस समय दुनिया को अपने नेताओं से सबसे ज्यादा किस बात की आवश्यकता है। इसके जवाब में जेनिफर बैरेटो ने कहा कि आज दुनिया को ऐसे नेताओं की जरूरत है जिनमें सहानुभूति और दूसरों को समझने की क्षमता हो, क्योंकि वर्तमान समय में लोग एक-दूसरे को परखते और सवाल उठाते हैं, ऐसे में एक सच्चे नेता को अपने सिद्धांतों और मानवीय मूल्यों पर अडिग रहना चाहिए।

Back to top button