
करेंसी से क्यूआर कोड पर आने में लगीं सदिया…फिनटेक फेस्ट में बोले पीएम मोदी
Global Fintech Fest: महाराष्ट्र में शिवाजी की प्रतिमा को लेकर चल रही राजनीति के बीच प्रधानमंत्री मोदी भी मिशन पर हैं. आज प्रधानमंत्री का मुंबई और पालघर में कार्यक्रम है. मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में ‘ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2024’ के एक विशेष सत्र को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने भारत में फिनटेक क्रांति को लेकर सवाल उठाने वाले नेताओं पर तंज कसा और कहा कि ये लोग कहते थे कि भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं है उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि जब सरस्वती मां बुद्धि बांट रही थीं तब ऐसे लोग रास्ते में ही खड़े थे. उन्होंने बताया कि किस तरह से पिछले 10 सालों में फिनटेक में निवेश के जरिए इस सेक्टर में सुधार किया गया है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 10 साल में फिनटेक स्पेस में 31 बिलियन से ज्यादा का निवेश हुआ है. इस दौरान में हमारे हमारे फिनटेक स्टार्टअप में 500 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है. सस्ते मोबाइल फोन, सस्ते डेटा और जीरो बैलंस जनधन बैंकखातों ने भारत में कमाल कर दिया है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय था, जब लोग हमारी सांस्कृतिक विविधता को देखकर आश्चर्यचकित हो जाते थे.अब, लोग भारत आते हैं, और हमारी फिनटेक विविधता को देखकर भी आश्चर्यचकित हो जाते हैं! एयरपोर्ट पर उतरने से लेकर स्ट्रीट फूड और शॉपिंग का आनंद लेने तक, भारत की फिनटेक क्रांति हर जगह दिखाई देती है.
भारत में हुई डिजिटल क्रांति- पीएम
प्रधानमंत्री ने भारत में सस्ते मोबाइल फोन, डेटा और जीरो बैलेंस जन धन बैंक खातों का जिक्र किया और फिर विपक्ष पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, “वे कहते थे कि फिनटेक क्रांति कैसे होगी. ये पूछा जाता था और मुझ जैसे चायवाले को पूछा जाता था. मगर आज देखिए एक दशक में ही भारत में ब्रॉडबैंड यूजर 6 करोड़ से बढ़कर 94 करोड़ हो गए हैं. आज 18 वर्ष से ऊपर शायद ही कोई भारतीय हो, जिसकी डिजिटल आइडेंटिटी यानी आधार कार्ड नहीं हो. आज 53 करोड़ से ज्यादा लोगों के पास जन धन बैंक खाते हो गए हैं. 10 साल में यूरोपियन यूनियन की आबादी जितने लोगों को बैंकिंग सिस्टम से जोड़ा है.”
करेंसी से क्यूआर कोड पर आने में लगीं सदिया
ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हमने साइबर फ्रॉड को रोका है. बैंकिंग को अब गांव-गांव तक फैलाया गया है. फिनटेक ने वित्तीय सेवाओं को लोकतांत्रिक बनाया है. आज सरकार के सैकड़ों स्कीम का फायदा डिजिटल तरीके से मिल रहा है. उन्होंने कहा कि कोरोना के विपरीत दौर में भी हमारा बैंकिंग सिस्टम चलता रहा. करेंसी से क्यूआर कोड तक की यात्रा में सदियां लग गईं पर अब हम हर रोज नई चीजें देख रहे हैं. आज दुनिया का करीब-करीब आधा real time digital transaction भारत में होता है. पूरी दुनिया में भारत का UPI फिनटेक का बहुत बड़ा उदाहरण बन गया है.
उन्होंने कहा कि ये फिनटेक फेस्ट का पांचवां समारोह है, जब 10वें में आऊंगा तो तब आपने भी कल्पना नहीं की होगी कि वहां पर आप भी पहुंचेंगे. स्टार्टअप करने वाले कुछ लोगों को 10-10 होमवर्क देकर आया हूं,क्योंकि मैं समझ सकता हूं कि बहुत बड़ी क्रांति लाई जाने वाली है और उसकी नींव हम यहां देख रहे हैं. इसी भरोसे के साथ मेरी शुभकामनाएं हैं.
यह भी पढ़ें…





