टोक्यो पैरालंपिक: अवनि लेखरा ने जीता गोल्ड, पीएम ने कहा- यह वास्तव में खास पल

2020 Tokyo Paralympics

टोक्यो। टोक्यो पैरालंपिक में भारत की अवनि लेखरा ने इतिहास रच दिया  है। उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर स्पर्धा एसएच-1 में यह स्वर्ण पदक जीता। टोक्यो पैरालंपिक में भारत का यह पहला स्वर्ण पदक है। पुरुषों की एफ-56 डिस्कस थ्रो स्पर्धा में भारत के योगेश कथुनिया ने रजत पदक जीता।

जबकि पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में देवेंद्र झाझरिया रजत पदक जीतने में सफल रहे। वहीं सुंदर सिंह गुर्जर ने कांस्य पदक पर कब्जा किया। पांचवां दिन भारत के लिए शानदार रहा और तीन भारतीय एथलीट पदक जीतने में सफल हुए।

जैसे ही अवनि ने भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता, पीएम मोदी से लेकर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, गृह मंत्री अमित शाह, योगी आदित्यनाथ समेत कई लोगों ने उन्हें बधाई दी। सभी ने लिखा कि यह भारत के लिए ऐतिहासिक क्षण है। 

पीएम मोदी ने दी बधाई

पीएम मोदी ने अवनि को बधाई देते हुए लिखा – अभूतपूर्ण प्रदर्शन अवनि लेखरा। शूटिंग के लिए आपकी मेहनत, जुनून और कड़ी मेहनत के कारण आप स्वर्ण जीत पाईं। इसके लिए आपको बधाई। यह वास्तव में भारतीय खेलों के लिए खास पल है। आपके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं। 

राष्ट्रपति ने दी बधाई 

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने लिखा कि अवनि लेखरा को इतिहास रचने और भारत को पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जिताने के लिए बधाई। आपके प्रदर्शन से भारत उत्साहित है। आपके अभूतपूर्व प्रदर्शन के कारण ही आज भारत का तिरंगा पोडियम पर सबसे ऊपर जा सका। 

गृह मंत्री अमित शाह ने भी दी बधाई 

प्रधानमंत्री मोदी के अलावा गृह मंत्री अमित शाह ने भी अवनि लेखरा को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा – ऐतिहासिक! पैरालंपिक में अपने परिश्रम और उत्कृष्ट प्रदर्शन से स्वर्ण पदक जीतकर हर भारतीय को गौरवान्वित करने वाली अवनि लेखरा को बहुत-बहुत बधाई। विश्व में तिरंगे का मान बढ़ाने के लिए आपके जुनून व समर्पण को पूरा देश सलाम करता है। 

उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा- अद्भुत… अतुल्य… अभिनंदनीय। टोक्यो पैरालंपिक्स में शूटिंग प्रतिस्पर्धा में अवनि लेखरा ने स्वर्ण पदक अर्जित कर वैश्विक पटल पर माँ भारती को गौरवभूषित किया है। भारतवर्ष को आप पर गर्व है। आपकी यह ऐतिहासिक विजय यात्रा अविराम गतिशील रहे…भारत माता की जय।

पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया की अध्यक्ष दीपा मलिक ने उन्हें बधाई दी है। उन्होंने पैरा शूटिंग में भारत को पहला पदक जिताने वाली अवनि लेखरा को बहुत-बहुत बधाई। इस युवा निशानेबाज ने खुद को शांत रखा और विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर मेडल जीता। 

टोक्यो पैरालंपिक में पुरुषों की एफ-56 डिस्कस थ्रो स्पर्था में भारत के योगेश कथुनिया गोल्ड मेडल जीतने से चूक गए और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। 

देवेंद्र ने जीता रजत, सुंदर ने कांस्य पदक पर किया कब्जा

टोक्यो पैरालंपिक में भाला फेंक स्पर्धा में भारत के देवेंद्र झाझारिया ने इतिहास रच दिया। उन्होंने पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में रजत पदक जीता।

उनके अलावा सुंदर सिंह गर्जुर ने भी कमाल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक पर कब्जा किया। इन दोनों खिलाड़ियों ने एफ-46 कैटेगरी में पदक जीते।

देवेंद्र ने इस दौरान 64.35 मीटर का थ्रो किया। जबकि संदर ने 64.0 मीटर थ्रो के साथ रजत पदक जीतने में सफल रहे। 

स्वरूप उनहालकर ने जगाई पदक की आस

भारत के स्वरूप उनहालकर पुरुषों की 10  मीटर एयर राइफल स्पर्धा में के फाइनल में पहुंच गए हैं। वह सातवें सातवें स्थान पर हैं। अब स्वरूप से भी पदक की उम्मीद होगी। 

Back to top button