UP News:’खेत से खजाना निकालने’ का झांसा, तांत्रिक ने नाबालिग से किया दुष्कर्म …

UP News: बांदा जिले में कथित तांत्रिक ने गड़े धन का लालच देकर 14 वर्षीय नाबालिग लड़की से बार-बार दुष्कर्म किया। पीड़िता के गर्भवती होने पर मामले का खुलासा हुआ।

UP News: यूपी के बांदा जिले से अंधविश्वास और अपराध का एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। बाबेरू इलाके में एक कथित ढोंगी तांत्रिक ने खेत में छिपा धन निकालने का झांसा देकर एक 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी को अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोपी की इस घिनौनी करतूत की वजह से पीड़ित किशोरी चार महीने की गर्भवती हो गई है।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की है और आरोपी तांत्रिक के खिलाफ दुष्कर्म तथा पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है।

खेत में दबे धन का लालच देकर बिछाया जाल

पीड़िता के पिता द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, यह पूरा मामला फरवरी 2026 से शुरू हुआ था। आरोपी निरंजन दास श्रीवास्तव उर्फ नीरज महाराज (निवासी परसौली माधवपुर), गांव के ही एक कुटिया पर रहने लगा था। उसने गांव वालों के बीच यह भ्रम फैलाया कि वह अपनी तंत्र विद्या से किसी भी खेत में दबा हुआ गुप्त धन निकाल सकता है।

तांत्रिक ने पीड़ित लड़की के पिता को विश्वास में लिया और कहा कि धन निकालने की पूजा के लिए लड़की की आंखों में विशेष ‘कजरी’ लगानी होगी। तांत्रिक के अंधविश्वास के जाल में फंसकर पिता अपनी ही मासूम बेटी को रात के समय तांत्रिक की कुटिया पर ले जाने लगा।

ये भी पढ़े- जंगल से मिली ‘मोगली गर्ल’ नहीं रही, ब्लड इंफेक्शन ने ली 18 वर्षीय एहसास की जान

कुटिया से बाहर निकालकर किया दुष्कर्म

पिता ने बताया कि एक रात तांत्रिक नीरज महाराज ने किशोरी की आंखों में कथित ‘कजरी’ डाली और अनुष्ठान के बहाने परिवार के सभी सदस्यों को कुटिया से बाहर निकाल दिया। इसके बाद एकांत का फायदा उठाकर उसने नाबालिग के साथ जबरन दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी ने किशोरी को डराया-धमकाया कि यदि उसने इस बारे में किसी को भी बताया, तो वह तंत्र मंत्र से उसके पूरे परिवार का सर्वनाश कर देगा।

ये भी पढ़े- Lucknow News: लखनऊ में दर्दनाक हादसा, लोहे के गेट के नीचे दबी 2 साल की मासूम

बीते दिनों जब किशोरी का पेट बढ़ने लगा, तो परिजनों को कुछ अनहोनी की आशंका हुई। कड़ाई से पूछताछ करने पर 12 जून को किशोरी ने रोते हुए अपने साथ हुई पूरी आपबीती बयां की। डॉक्टरों की जांच में पता चला कि वह चार महीने की गर्भवती है।

आरोपी सलाखों के पीछे

कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह राजावत के नेतृत्व में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी निरंजन दास उर्फ नीरज महाराज को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

ये भी पढ़े- UP ATS की रेड से गांव में मचा हड़कंप, गिरफ्तारी के बाद उठे कई सवाल…

Back to top button