
YouTube को टक्कर देने आ गया चीनी ऐप ‘Bilibili’, ग्लोबल मार्केट में एंट्री
Chinese App Bilibili Launch: दुनिया के सबसे बड़े वीडियो प्लेटफॉर्म यूट्यूब (YouTube) को कड़ी टक्कर देने के लिए चीन के लोकप्रिय वीडियो शेयरिंग प्लेटफॉर्म ‘Bilibili’ ने वैश्विक स्तर पर बड़ा कदम उठाया है।
कंपनी ने अंतरराष्ट्रीय मार्केट में अपना नया ‘ग्लोबल ऐप’ आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। इस पहल के जरिए Bilibili अब सीधे तौर पर YouTube, TikTok और Instagram Reels जैसे प्लेटफॉर्म्स को चुनौती देने की तैयारी में है।
ID वेरिफिकेशन की झंझट खत्म
Bilibili के मुख्य चीनी वर्जन पर विदेशी यूजर्स के लिए अकाउंट बनाना काफी मुश्किल था, क्योंकि वहां रजिस्ट्रेशन के लिए पासपोर्ट या सरकारी पहचान पत्र (ID Verification) की जरूरत पड़ती थी। लेकिन नए ग्लोबल ऐप में कंपनी ने इस शर्त को पूरी तरह से हटा दिया है। अब दुनियाभर के यूजर्स बिना किसी आईडी वेरिफिकेशन के आसानी से साइन-अप कर सकते हैं और कंटेंट का लुत्फ उठा सकते हैं।
Android यूजर्स के लिए उपलब्ध
Bilibili का यह ग्लोबल ऐप फिलहाल Android यूजर्स के लिए गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध करा दिया गया है। कंपनी के अनुसार, आईफोन (iOS) यूजर्स के लिए भी इसका ऐप जल्द ही ऐप स्टोर पर रोलआउट किया जाएगा। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय यूजर्स और कंटेंट क्रिएटर्स को लुभाने के लिए कंपनी अपनी वेबसाइट का अंग्रेजी (English) वर्जन भी तैयार कर रही है।
क्या हैं Bilibili के खास फीचर्स?
2009 में शुरू हुआ यह प्लेटफॉर्म चीन में Gen-Z (युवाओं) के बीच काफी पॉपुलर है। इसके 370 मिलियन से अधिक एक्टिव यूजर्स हैं। इस ऐप का सबसे अनोखा फीचर ‘डानमाकू’ (Danmaku) है, जिसके तहत यूजर्स के कमेंट्स वीडियो स्क्रीन के ऊपर तैरते हुए (Bullet Comments) नजर आते हैं।
Bilibili का मुख्य फोकस एनिमे (Anime), कॉमिक्स, गेमिंग (ACG) और नॉलेज-बेस्ड लॉन्ग/मिड-लेंथ वीडियो पर रहता है।कंपनी टोक्यो, लॉस एंजिल्स और लंदन जैसे बड़े शहरों से लोकल क्रिएटर्स को अपने साथ जोड़ने के लिए भारी निवेश कर रही है।
इंटरनेट विश्लेषकों का मानना है कि यूट्यूब की एनिमे और मिड-लेंथ वीडियो कंटेंट को लेकर सख्त होती नीतियों के बीच Bilibili का यह ग्लोबल कदम डिजिटल क्रिएटर्स के लिए एक नया विकल्प साबित हो सकता है।





