
BSP ने तेज की UP चुनाव की तैयारी, मायावती ने सतीश चंद्र मिश्रा को दी नई जिम्मेदारी
Lucknow: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी प्रमुख मायावती ने वरिष्ठ नेता सतीश चंद्र मिश्रा को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इस फैसले को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
मायावती ने बताया कि सतीश चंद्र मिश्रा अब लीगल और मीडिया से जुड़े कामों के साथ-साथ चुनाव आयोग से संबंधित जिम्मेदारियां भी संभालेंगे। मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि आगामी यूपी विधानसभा चुनाव में सतीश चंद्र मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
चुनावी मोर्चे पर BSP ने बढ़ाई सक्रियता
मायावती ने कहा कि BSP उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह से जुट गई है। पार्टी सभी समाज के लोगों के बीच जमीन पर मजबूती से काम कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि BSP ने अपने संभावित प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मायावती के मुताबिक, पार्टी की चुनावी तैयारियों को लेकर विरोधी दलों में बेचैनी बढ़ रही है। BSP प्रमुख ने संकेत दिया कि पार्टी आगामी चुनाव में अपने संगठन को मजबूत करने और सभी वर्गों तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है।
यह भी पढ़ें…
अखिलेश यादव के बयान से RLD में उबाल, जयंत चौधरी ने कहा- ‘सवाल उन्हीं से करिए’
सतीश चंद्र मिश्रा को अहम जिम्मेदारी क्यों?
सतीश चंद्र मिश्रा लंबे समय से BSP में मायावती के प्रमुख रणनीतिक सहयोगियों में रहे हैं। खासतौर पर ब्राह्मण समाज के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण माना जाता रहा है। ऐसे में चुनाव आयोग से जुड़े काम की अतिरिक्त जिम्मेदारी दिया जाना BSP की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए BSP का फोकस संगठन को मजबूत करने, प्रत्याशियों के चयन और विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच अपनी पकड़ बढ़ाने पर है। सतीश चंद्र मिश्रा को नई जिम्मेदारी मिलने के बाद पार्टी की चुनावी रणनीति में उनकी भूमिका और महत्वपूर्ण हो सकती है।
यह भी पढ़ें…




