CM योगी ने आंगनवाड़ी कर्मियों से नहीं निभाया वादा

आंगनवाड़ी कर्मियों को एक मुश्त फंड और पेंशन दे सरकार:वीना गुप्ता

लखनऊ। आंगनवाड़ी कर्मचारी यूनियन ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर भाजपा के आंगनवाड़ी कर्मी को सम्मानजनक न्यूनतम वेतन व अन्य सुविधा देने के 2017 के संकल्प पत्र में किए चुनावी वादे को पूरा करने की मांग की। पत्र में कहा गया कि बार-बार विधानसभा और सभाओं में लुभावने वायदे की सीएम आदित्यनाथ की घोषणा आजतक लागू नहीं हुई।

सीएम को वायदे को पूरा कर प्रदेश के कुशल श्रमिक के न्यूनतम वेतन को आंगनवाड़ी वर्कर को देना चाहिए। यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष डा. वीना गुप्ता द्वारा भेजे पत्र में कहा गया कि प्रदेश सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम वेतन के गजट नोटिफिकेशन को आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के लिए भी लागू करना चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के अनुसार ग्रेच्युटी के भुगतान, तथा 2020 से रिटायर समेत सभी रिटायर होने वाली आंगनवाड़ी को एकमुश्त फण्ड और नियमित पेंशन के भुगतान की मांग की। पत्र में नए फोन दिए जाने, कम से कम 500 रूपए प्रति माह की दर से साल में 13 रिचार्ज का भुगतान, ड्यूटी के दौरान मृत आंगनवाड़ी वर्कर हेल्पर के परिवार को मुआवजा, बीमा का भुगतान करने, एजुकेटर भर्ती निरस्त करने, एवं आंगनबाड़ी केंद्र के 3 से 6 साल के बच्चों को यूनिफॉर्म, बैग, किताबें, जूते, स्वेटर देने की माँग की गई।

इन सभी मुद्दों पर यूनियन प्रदेश भर में जागरूकता अभियान चला रही है। यूनियन द्वारा मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र को सभी जिला कार्यक्रम अधिकारी सीडीपीओ को भेजा जा रहा है। अपनी मांगों का ज्यादा से ज्यादा प्रचार करने के लिए आंगनवाड़ी वर्कर अपने बीच जागरूकता अभियान चलाएंगे एवं 25 अगस्त को जो भी वर्कर फेसबुक पर हैं वे एक साथ फेसबुक लाइव करके अपनी मांगों का प्रचार करेंगी।आगामी शिक्षक दिवस के अवसर श्रम विभाग के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन देंगी। 20 सितंबर को प्रदेश भर की आंगनवाड़ी वर्कर हेल्पर के साथ एक बड़ी बैठक लखनऊ में बुलाई गई है जिसमें आगे के आंदोलन की रूपरेखा बनाई जाएगी।

Back to top button