
CM Yogi ने पेश की यूपी की ग्रोथ स्टोरी और विकसित यूपी @2047 की योजना
UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली में हाल ही में हुई घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए स्पष्ट किया कि राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। सीएम ने कहा कि बरेली में एक मौलाना भूल गया था कि शासन किसका है और धमकी देकर जाम लगाने की बात करता था, लेकिन सरकार ने स्पष्ट कर दिया कि न जाम होगा और न ही कोई कर्फ्यू लगेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि “हम ऐसे सबक देंगे कि उनकी आने वाली पीढ़ियां भी दंगा करना भूल जाएंगी।”
दंगाइयों और कानून के उल्लंघन पर सख्ती
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि 2017 के बाद उनकी सरकार ने दंगाइयों को सख्ती से सजा दी और उत्तर प्रदेश में शांति और सुरक्षा का नया युग स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य में अब कोई भी उपद्रवी कानून तोड़ने की हिम्मत नहीं कर सकता।
परिवारवाद और माफिया राज पर करारा प्रहार
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में पहले ‘चाचा-भतीजा’ वसूली और माफिया राज आम बात थी। उस समय बेटियां, व्यापारी और किसान सुरक्षित नहीं थे। सीएम ने बताया कि उनकी सरकार ने माफिया राज को जड़ से उखाड़कर प्रदेश को विकास की राह पर ला खड़ा किया।
आर्थिक और विकास उपलब्धियां
सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब 70 हजार करोड़ रुपये के रेवेन्यू सरप्लस वाला राज्य बन गया है। 2016-17 में प्रदेश का योगदान भारत की अर्थव्यवस्था में 8% था, जो अब तेजी से बढ़कर विकास का इंजन बन चुका है। उन्होंने बताया कि यूपी में अब देश का 55% एक्सप्रेसवे नेटवर्क है, सबसे अधिक शहरों में मेट्रो चल रही है और 16 हवाई अड्डे सक्रिय हैं। अगले महीने जेवर में देश का सबसे बड़ा हवाई अड्डा भी तैयार होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि गन्ना, चीनी, इथनॉल और खाद्यान्न उत्पादन में प्रदेश नंबर एक है और यूपी अब देश का सबसे ज्यादा नौकरियां देने वाला और निवेश लाने वाला राज्य बन चुका है।
बुलडोजर नीति और कानून का पालन
मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्ट और बेईमान लोगों के लिए बुलडोजर नीति अपनाई गई है। बीते आठ वर्षों में प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब उत्पाती और उपद्रवी को कड़ा सबक सिखाया जाएगा ताकि भविष्य में कोई समस्या न हो।
यह भी पढ़ें…
दम लगाओ…रोटी खाओ, यूपी ट्रेड शो में दिखी अनोखी मशीन; एक्सरसाइज के साथ…
शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग में उपलब्धियां
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उत्तर प्रदेश में अब तक 52 प्राइवेट विश्वविद्यालय स्थापित किए गए हैं और हर जिले में मेडिकल कॉलेज का लक्ष्य पूरा हो रहा है। मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट निर्माण में यूपी का योगदान 55% है। कृषि उत्पादन क्षमता में भी तीन गुना वृद्धि की संभावना है।
यह भी पढ़ें…
त्योहारों पर अशांति बर्दाश्त नहीं, यूपी में जीरो टॉलरेंस नीति लागू
यूपी का विज़न 2047
सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ संकल्प का समर्थन करते हुए कहा कि यूपी इस लक्ष्य का नेतृत्व करेगा। उन्होंने बताया कि समर्थ पोर्टल के माध्यम से अब तक 6 लाख से अधिक सुझाव मिल चुके हैं। प्रदेश की अर्थव्यवस्था 2016 में 12 लाख करोड़ थी, जो अब 35 लाख करोड़ तक पहुँच चुकी है। प्रति व्यक्ति आय भी 45 हजार से बढ़कर 1 लाख 20 हजार रुपये हो गई है।
योगी आदित्यनाथ ने जोर देकर कहा कि विकसित यूपी का संकल्प अब सभी नागरिकों की दिनचर्या का हिस्सा होना चाहिए और इसके लिए प्रदेश ने आधारशिला तैयार कर ली है। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार प्रवीन कुमार, रोहित शर्मा, धनुषवीर सिंह, सुधीर मिश्रा, डीजीपी राजीव कृष्ण, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव नियोजन आलोक कुमार और मीडिया समूह के अन्य लोग उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें…





