CM Yogi ने सरदार पटेल की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, राष्ट्र के प्रति योगदान को किया नमन

Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को हजरतगंज स्थित पटेल पार्क में आधुनिक भारत के शिल्पकार और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज पूरा देश लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को स्मरण कर रहा है और राष्ट्र के प्रति उनकी अमूल्य सेवाओं के लिए कृतज्ञता व्यक्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जन्म एक सामान्य किसान परिवार में हुआ था, लेकिन उन्होंने उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपनी प्रतिभा और क्षमता को निजी स्वार्थ के बजाय भारत माता की सेवा में समर्पित कर दिया।

सीएम योगी ने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने देश की आज़ादी के लिए कई बार जेल की यातनाएं सहीं और हर परिस्थिति में राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। उन्होंने देश के विभाजन का भी सशक्त रूप से विरोध किया और स्वतंत्र भारत की मजबूत नींव रखने में निर्णायक भूमिका निभाई।

यह भी पढ़ें…

‘द फैमिली मैन’ को-स्टार पर ड्रग्स तस्करी का आरोप, आगरा ANTF ने मुंबई से दबोचा

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज़ादी के बाद देश की 562 रियासतों के एकीकरण का ऐतिहासिक कार्य सरदार पटेल के नेतृत्व में ही संभव हो सका। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कूटनीतिक क्षमता के कारण ही भारत एक एकीकृत, अखंड और सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित हो सका। यह योगदान भारत के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है।

यह भी पढ़ें…

UP News: अयोध्या में दर्शन फिर चोरी; तनिष्क शोरूम से पार किए हीरे…

सीएम योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रभक्ति, एकता, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। उनका संपूर्ण जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आज जिस एक भारत, श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार कर रहा है, उसकी नींव सरदार पटेल ने ही रखी थी।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आम नागरिक भी मौजूद रहे। सभी ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

यह भी पढ़ें…

UP Weather: UP में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का अटैक, IMD ने जारी किया अलर्ट

Back to top button