
SMAT 2026: प्रियांश आर्या ने खेली तूफानी पारी, क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ रचा इतिहास
SMAT 2026 Priyansh Arya: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के एलिट ग्रुप-बी मुकाबले में मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को दिल्ली के सलामी बल्लेबाज और कप्तान प्रियांश आर्या ने तमिलनाडु के खिलाफ आतिशी बल्लेबाजी करते हुए रिकॉर्ड में बड़ा बदलाव कर दिया। इंदौर के डेली कॉलेज ग्राउंड में खेले गए इस मैच में प्रियांश आर्या ने मात्र 68 गेंदों पर 181 रन की विस्फोटक पारी खेली।
2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ क्रिस गेल के नाबाद 175 रन के चर्चित टी20 स्कोर को पीछे छोड़ दिया। इस पारी के साथ प्रियांश आर्या पुरुष टी20 क्रिकेट में दूसरे सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर तक पहुंचे।
36 गेंदों में पूरा किया शतक
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की टीम के लिए पारी की शुरुआत करने आए बाएं हाथ के बल्लेबाज प्रियांश आर्या ने पहली गेंद से ही आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने केवल 36 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और 266.18 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए अपनी पारी में 19 छक्के व 7 चौके जड़े।
उनकी पारी के 181 रनों में से 150 रन केवल बाउंड्री से आए, जो कुल स्कोर का लगभग 82 प्रतिशत रहा। प्रियांश 19वें ओवर में एम. सिद्धार्थ की गेंद पर आउट हुए और सर्वकालिक टी20 विश्व रिकॉर्ड से महज आठ रन दूर रह गए।
केएल राहुल का रिकॉर्ड टूटा
प्रियांश आर्या की इस असाधारण पारी से पहले टी20 क्रिकेट में किसी भारतीय बल्लेबाज का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर केएल राहुल के नाम दर्ज था, जिन्होंने आईपीएल 2026 के दौरान पंजाब किंग्स के खिलाफ नाबाद 152 रन बनाए थे। प्रियांश के 181 रन अब किसी भारतीय द्वारा टी20 में बनाया गया सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है, जबकि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इतिहास में भी यह सर्वोच्च व्यक्तिगत पारी बन गई है।
पुरुष टी20 क्रिकेट में सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर का विश्व रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के लुआन-ड्रे प्रिटोरियस के नाम है, जिन्होंने अक्टूबर 2026 में सीएसए प्रो20 कप में टाइटंस की ओर से खेलते हुए नाबाद 188 रन बनाए थे। प्रियांश आर्या की इस पारी और अनुज रावत के 29 रनों के योगदान से दिल्ली ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट पर 275 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।





