
IND vs WI: भारत-वेस्टइंडीज मैच से पहले बढ़ी मुश्किलें, इकाना स्टेडियम के पास भरा पानी
Lucknow News: लखनऊ में बाढ़ से कई इलाकों में हाहाकार मचा हुआ है। गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने का असर अब गोमती नगर विस्तार क्षेत्र में भी दिखाई देने लगा है। इकाना स्टेडियम के आसपास जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है।
सोमवार को इकाना के पास शहीद पथ के नीचे अंडरपास में काफी पानी भर गया। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। आसपास के अन्य अंडरपास भी चपेट में आ गए हैं। आज ईकाना में भारत और वेस्टइंडीड के बीच टी-20 मैच भी होना है।
इकाना स्टेडियम के पास भरा पानी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर के प्रतिष्ठित इकाना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (Ekana Stadium) के आसपास के इलाकों में जलभराव की स्थिति सबसे ज्यादा विकराल है। स्टेडियम के पास बने अंडरपास में भारी मात्रा में पानी भर जाने के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
जल निकासी के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण अंडरपास के अंदर कई-कई फीट पानी भर गया है, जिससे वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और खेल प्रेमियों को भारी जोखिम का सामना करना पड़ रहा है। कई वाहन पानी में फंसकर बंद हो गए, जिससे लंबा ट्रैफिक जाम भी लग गया।
आज इकाना में होना है टी20 मुकाबला
स्थिति की गंभीरता इसलिए भी बढ़ जाती है क्योंकि आज यानी मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 को ही इकाना स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच रोमांचक टी-20 क्रिकेट मैच खेला जाना है। इस अंतरराष्ट्रीय मैच को देखने के लिए देश-विदेश से हजारों की संख्या में क्रिकेट फैंस लखनऊ पहुंच रहे हैं। स्टेडियम के बाहर और पहुंच मार्गों पर पानी भरने के कारण दर्शकों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ये भी पढ़े-लखनऊ एयरपोर्ट पर लेबर कैंप में लगी भीषण आग, दो किमी दूर से धुआं दिखा
सड़कें जलमग्न होने के कारण मैच देखने आने वाले दर्शकों और स्थानीय नागरिकों को भारी असुविधा हो रही है। हालांकि, सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस की टीमें युद्धस्तर पर मौके पर जुट गईं हैं। स्टेडियम तक आने वाले रास्तों से पानी निकालने के लिए पंपिंग सेट लगाए गए हैं ताकि मैच के दौरान खेल प्रेमियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात सुचारू रूप से चल सके।
ये भी पढ़े-शिक्षक मुस्कुराते हैं, लेकिन अंदर से परेशान! रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा…





