SMAT: सूर्यकुमार यादव ने ठोका तूफ़ानी अर्धशतक, हैदराबाद पर दिलाई आसान जीत

Syed Mushtaq Ali Trophy: घरेलू टी20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के एक रोमांचक मुकाबले में भारतीय टी20 टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) का बल्ला जमकर गरजा है। कोलकाता के जादवपुर यूनिवर्सिटी कैंपस ग्राउंड पर खेले गए एलिट ग्रुप-D के मुकाबले में मुंबई ने हैदराबाद को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी।

मैच का मुख्य आकर्षण कप्तान सूर्यकुमार यादव की तूफानी पारी रही, जिन्होंने मैदान के चारों और चौकों-छक्कों की बारिश करते हुए महज 15 गेंदों में अर्धशतक ठोक दिया।

मुंबई की तूफानी शुरुआत

मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 172 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। हैदराबाद की ओर से अभिराथ रेड्डी ने 24 गेंदों में 35 रन और कोदिमेला हिमातेजा ने 25 रनों का योगदान दिया। मुंबई के गेंदबाजों की ओर से मैक्सवेल स्वामीनाथन ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में मात्र 23 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके, जबकि शिवम दुबे और साईराज पाटिल ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।

जवाब में 173 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत मजबूत रही। ओपनर अंगकृष रघुवंशी (27) और हार्दिक तमोर (22) ने पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े। इसके बाद क्रीज पर उतरे कप्तान सूर्यकुमार यादव और युवा बल्लेबाज मुशीर खान (Musheer Khan) ने हैदराबाद के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं।

सूर्यकुमार-मुशीर की विस्फोटक साझेदारी

चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे सूर्यकुमार यादव ने पहली ही गेंद से आक्रामक तेवर अपनाए। उन्होंने अपनी शानदार पारी के दौरान महज़ 21 गेंदों में नाबाद 60 रन की विष्फोटक पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। सूर्या ने अपने करियर की इस आतिशी पारी के दौरान महज 15 गेंदों में ही अपनी फिफ्टी पूरी कर ली थी।

उनका साथ निभाते हुए मुशीर खान ने भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 24 गेंदों पर 6 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 51 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए मात्र 23 गेंदों पर 65 रनों की तेजतर्रार साझेदारी कर मैच को पूरी तरह मुंबई के पाले में ला दिया। अंत में ऑलराउंडर शिवम दुबे ने 14वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का लगाकर मुंबई को 13.1 ओवर में ही लक्ष्य तक पहुंचा दिया और टीम को 7 विकेट से आसान जीत दिला दी।

ये भी पढ़े-IND vs NZ: न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज से बाहर हुए कुलदीप यादव, इस गेंदबाज को मिला मौका

Back to top button