BJP सांसद कंगना रनौत के खिलाफ FIR, सोनिया गांधी से जुड़ा है मामला

Kangana Ranaut FIR In Shimla: BJP सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत (Kangana Ranaut) एक बार फिर बड़े विवादों के घेरे में आ गई हैं। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) और गांधी परिवार को लेकर सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में हिमाचल प्रदेश की शिमला पुलिस ने उनके खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।

दर्ज हुआ मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिमला निवासी कैप्टन अतुल शर्मा ने पुलिस के उच्च अधिकारियों को ईमेल के जरिए एक औपचारिक शिकायत दी थी, जिसमें कंगना रनौत के सोशल मीडिया अकाउंट से किए गए पोस्ट पर कड़ी आपत्ति जताई गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि कंगना रनौत द्वारा 10 नवंबर को अपने सत्यापित सोशल मीडिया हैंडल से एक पोस्ट शेयर किया गया था, जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, उनके बेटों संजय गांधी और राजीव गांधी की मौतों को लेकर बेहद भड़काऊ और विवादित बातें कही गई थीं।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि उस पोस्ट में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को लेकर भी आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था और उनके राजनीतिक सफर तथा परिवार से जुड़ी घटनाओं पर सवाल उठाए गए थे। शिकायतकर्ता का तर्क था कि इस तरह की पोस्ट से सामाजिक सौहार्द बिगड़ने और विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता उत्पन्न होने का खतरा है।

BNS की धाराओं के तहत हुआ केस

शिमला के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने मीडिया को जानकारी दी कि शिकायत की शुरुआती जांच और कानूनी विधिक पहलुओं का अध्ययन करने के बाद शिमला वेस्ट थाना पुलिस ने सांसद कंगना रनौत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 (विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देना), धारा 353 और धारा 356 (मानहानि व अन्य संबंधित आरोप) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस अब इस मामले में साइबर फॉरेंसिक और अन्य तकनीकी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

Back to top button