IND vs AFG: अफगानिस्तान सीरीज और एशियन गेम्‍स से हर्षित राणा बाहर, रिप्लेसमेंट का एलान

Harshit Rana Injury: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की पुरुष चयन समिति ने आगामी अफगानिस्तान टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज और एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के स्क्वॉड में बड़ा बदलाव किया है। तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण इन दोनों महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं से बाहर हो गए हैं।

चयन समिति ने हर्षित राणा के स्थान पर विदर्भ के 27 वर्षीय तेज गेंदबाज यश ठाकुर को भारतीय टीम में शामिल करने का आधिकारिक ऐलान कर दिया है।

चोटिल हुए हर्षित राणा

बीसीसीआई द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, हर्षित राणा बेंगलुरु स्थित ‘बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ (CoE) में अपनी चोट से उबर रहे थे और उनका रिहैब काफी बेहतर चल रहा था। हालांकि, 7 सितंबर को एक मैच सिमुलेशन के दौरान गेंदबाजी करते समय उनके ‘रेक्टस फेमोरिस’ (जांघ की मांसपेशी) में खिंचाव आ गया। मेडिकल टीम की जांच के बाद उन्हें आगामी सीरीज और बहुप्रतीक्षित एशियन गेम्स से बाहर करने का फैसला लिया गया।

पहले ही डेब्यू कर चुके हैं यश ठाकुर

हर्षित राणा की जगह टीम में शामिल किए गए विदर्भ के तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने हाल ही में जुलाई 2026 में भारत के जिम्बाब्वे दौरे के दौरान अपना अंतरराष्ट्रीय टी20 (T20I) डेब्यू किया था। उन्होंने अपने दो अंतरराष्ट्रीय मैचों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट चटकाए थे। इसके अलावा घरेलू क्रिकेट में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के 50 मैचों में उनके नाम 7.04 के बेहतरीन इकोनॉमी रेट से 81 विकेट दर्ज हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी उनका प्रदर्शन प्रभावी रहा है।

ये भी पढ़े-हार्दिक पांड्या की मैदान पर वापसी, वनडे सीरीज के लिए India-A टीम में एंट्री

श्रेयस अय्यर होंगे कप्तान 

अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज और एशियन गेम्स दोनों ही टूर्नामेंट्स में भारतीय टीम का नेतृत्व श्रेयस अय्यर करेंगे, जबकि तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है। हर्षित राणा के अलावा जसप्रीत बुमराह, वॉशिंगटन सुंदर और नीतीश कुमार रेड्डी को मेडिकल टीम से फिटनेस क्लीयरेंस मिल गई है और वे चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे।

ये भी पढ़े-‘क्यों न आपको एक्ट के दायरे में लाया जाए…?’ सुप्रीम कोर्ट ने BCCI से पूछा सवाल

अफगानिस्तान T20I और एशियन गेम्स के लिए भारतीय स्क्वॉड

श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, यश ठाकुर।

Back to top button