Delhi: मंदिर दर्शन करने गई नाबालिग से दरिंदगी, खुद को पुलिस बताकर किया गैंगरेप

Delhi Kalkaji Gangrape Case: देश की राजधानी दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में स्थित प्रसिद्ध कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में दर्शन करने आई 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ तीन बदमाशों ने सामूहिक दुष्कर्म की खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर  इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस ने मुठभेड़ (एनकाउंटर) के बाद मुख्य आरोपी आसिफ को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो अन्य साथियों की तलाश जारी है।

खुद को पुलिस बताकर पार्क में रोका

घटना सोमवार शाम करीब सात बजे की है, जब 17 साल की नाबालिग अपने हमउम्र दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर में पूजा-अर्चना करने आई थी। दर्शन के बाद दोनों पास के आस्था कुंज पार्क में टहलने चले गए। इसी दौरान 25 से 30 वर्ष की आयु के तीन संदिग्ध युवक वहां पहुंचे और खुद को दिल्ली पुलिस का जवान बताते हुए पूछताछ के नाम पर रौब झाड़ने लगे।

आरोपियों ने रात में पार्क में बैठने पर कानूनी कार्रवाई का डर दिखाया। इससे पहले कि पीड़िता या उसका दोस्त कुछ समझ पाते, एक आरोपी ने दोस्त को दबोच लिया ताकि वह शोर न मचा सके, जिसके बाद तीनों ने बारी-बारी से नाबालिग के साथ दरिंदगी की।

पॉक्सो एक्ट दर्ज

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़िता को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद लगभग रात 8:45 बजे पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए मामले की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही अमर कॉलोनी थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पीड़िता को तुरंत नजदीकी अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए भेजा।

पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर कालकाजी थाने में पॉक्सो (POCSO) एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संगीन धाराओं के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

मुख्य आरोपी पकड़ा गया

वारदात की संवेदनशीलता को देखते हुए स्पेशल स्टाफ और स्थानीय पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया। मंगलवार तड़के करीब 6 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मामले का मुख्य आरोपी आसिफ साउथ-ईस्ट दिल्ली इलाके में बाइक से भागने की फिराक में है। पुलिस टीम ने अमर कॉलोनी के डीएम ऑफिस के पास नाकाबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया।

खुद को पुलिस से घिरा देख आसिफ ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली आसिफ के पैर में लगी और वह बाइक से गिर पड़ा, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दो फरार आरोपियों की तलाश

एनकाउंटर में पकड़े गए आरोपी आसिफ से पुलिस कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि फरार चल रहे उसके दो अन्य साथियों की पहचान और सटीक लोकेशन का पता लगाया जा सके।

पुलिस आस्था कुंज पार्क और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। कालकाजी मंदिर जैसे अत्यधिक व्यस्त और धार्मिक क्षेत्र के पास हुई इस सनसनीखेज वारदात से स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं में गहरा आक्रोश है।

Back to top button