फर्जी प्रोफाइल से महिलाओं को ब्लैकमेल करने वाला साइबर अपराधी लखनऊ से गिरफ्तार

Lucknow News: दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए महिलाओं को ब्लैकमेल कर पैसे वसूलने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी व्हाट्सएप और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर महिलाओं से दोस्ती करता था, फिर उनकी निजी तस्वीरें और वीडियो हासिल कर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर पैसे ऐंठता था।

इस मामले में पीड़ित महिला ने 21 सितंबर को Delhi Police के पश्चिमी जिले के साइबर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी मनोज वर्मा को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया।

ऐसे फंसाता था महिलाओं को जाल में
आरोपी सोशल मीडिया पर महिलाओं से दोस्ती करने के लिए फर्जी महिला नाम से प्रोफाइल बनाता था। बातचीत के दौरान वह धीरे-धीरे निजी जानकारी और तस्वीरें हासिल कर लेता था। फिर उन्हीं तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर महिलाओं को पैसे देने के लिए मजबूर करता था।

शुरुआत में पीड़ित महिला ने आरोपी के दबाव में आकर पैसे दे दिए, लेकिन जब वह बार-बार और पैसों की मांग करने लगा तो उसने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस की सटीक कार्रवाई
शिकायत मिलने के बाद इंस्पेक्टर विकास बुलडक के नेतृत्व में एसआई विकास राठी, हेड कांस्टेबल जगदीश और हेड कांस्टेबल दीपक की एक टीम बनाई गई। साइबर टीम ने तकनीकी जांच और पीड़िता से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद लखनऊ पुलिस की मदद से आरोपी को ट्रैक कर गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी ने कबूला जुर्म
पूछताछ में आरोपी मनोज वर्मा ने अपना अपराध कबूल किया। उसने बताया कि वह लंबे समय से फर्जी अकाउंट बनाकर इस तरह की ब्लैकमेलिंग कर रहा था। वह पीड़ितों पर और दबाव बनाने के लिए उनकी तस्वीरों से फर्जी अकाउंट भी बनाता था, ताकि उन्हें लगे कि वीडियो या फोटो सार्वजनिक कर दिए जाएंगे।

यह भी पढ़ें…

UP News: लखनऊ एयरपोर्ट से गैंगस्टर अरेस्ट, बैग से मिले जिंदा कारतूस…

बरामद हुआ आपत्तिजनक डेटा
पुलिस ने आरोपी के पास से Tecno K8 मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसमें व्हाट्सएप चैट, अश्लील वीडियो और कई फर्जी फेसबुक अकाउंट लॉग इन पाए गए। पुलिस अब इस मोबाइल की फॉरेंसिक जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि उसने कितनी महिलाओं को निशाना बनाया है।

यह भी पढ़ें…

UP News: CO समेत 25 इंस्पेक्टर और SI का तबादला, 3 थाना प्रभारी लाइन हाजिर

पुलिस ने दी चेतावनी
साइबर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करते समय सावधानी बरतें और किसी भी स्थिति में निजी फोटो या वीडियो साझा न करें। अगर कोई उन्हें ब्लैकमेल करता है, तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें।

इस कार्रवाई से एक बार फिर स्पष्ट हो गया है कि साइबर अपराधी फर्जी पहचान के जरिए महिलाओं को अपना शिकार बना रहे हैं — लेकिन पुलिस लगातार इन पर शिकंजा कस रही है।

यह भी पढ़ें…

बिहार चुनाव: ओम प्रकाश राजभर ने NDA से जताया असंतोष, अलग मोर्चा बनाने का दिया इशारा

Back to top button