
Delhi NCR में झमाझम बारिश, सड़क से लेकर एयरपोर्ट तक पानी ही पानी
Delhi NCR Rain: देश भर में मानसून की सक्रियता एक बार फिर बढ़ गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 5 सितंबर को दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान समेत देश के 17 राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली चमकने का अलर्ट जारी किया है।
मध्य मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण उत्तर प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र (Low-Pressure Area) के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के बड़े हिस्से में बारिश का दौर जारी है।
Delhi NCR में सुबह से बारिश
राजधानी दिल्ली और आसपास के नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम व फरीदाबाद में शनिवार सुबह से ही काले बादल छाए रहे और कई हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों और प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे सुबह-सुबह दफ्तर जाने वाले यात्रियों को यातायात में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार दिन भर रुक-रुक कर बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
दिल्ली एयरपोर्ट पर भी भारी बारिश
दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि आज दोपहर दिल्ली एयरपोर्ट पर भारी बारिश हुई; जिसकी वजह से अप्रोच रोड और फोरकोर्ट वाले इलाकों में पानी जमा हो गया। जमा हुए पानी को कुछ ही देर में हटा दिया गया। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने कुछ वीडियो भी शेयर किए, जिनमें दिख रहा था कि एयरपोर्ट पर पानी का स्तर कम हो गया है।
![]()
यूपी, बिहार और मध्य प्रदेश में अलर्ट
उत्तर प्रदेश: पश्चिमी यूपी में 6 सितंबर तक और पूर्वी यूपी में 8 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना है। कई जिलों में आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
बिहार: पटना, गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और पूर्णिया समेत 20 से अधिक जिलों में मध्यम से भारी बारिश के साथ वज्रपात का खतरा जताया गया है।
मध्य प्रदेश: इंदौर, भोपाल, छतरपुर, भिंड और कटनी सहित कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग ने निचले इलाकों में सतर्क रहने की सलाह दी है।
पहाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का दौर
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में 10 सितंबर तक भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका जताई गई है, जिसको देखते हुए पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। इसके अलावा असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड समेत पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर भारी बारिश होने का अनुमान है।





