
CJP की मांग दिल्ली पुलिस को मंजूर, निशु आजाद केस में लगेगा SC-ST एक्ट
Swatantra Bhardwaj Detained: जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ता निशु आजाद के पिता संजय कुमार पर हुए हमले के मामले में दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सोशल मीडिया पर एक पॉडकास्ट के दौरान संजय कुमार के सिर पर हमला करने की बात बेबाकी से कबूल करने वाले आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस की टीम ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में ले लिया है।
संसद मार्ग थाने पर CJP समर्थकों, कांग्रेस की लीगल टीम और चंद्रशेखर आजाद के भारी विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस हरकत में आई और यह कार्रवाई की।
बुलंदशहर से पकड़ा गया आरोपी
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और पुलिस पर दबाव बढ़ने के बाद आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज दिल्ली छोड़कर बुलंदशहर स्थित अपने परिचित के ठिकाने पर छिपा हुआ था। नई दिल्ली जिले की पुलिस टीम ने सर्विलांस और लोकल इनपुट की मदद से दबिश देकर आरोपी को बुलंदशहर से हिरासत में लिया।
दिल्ली पुलिस की टीम आरोपी को हिरासत में लेकर दिल्ली के संसद मार्ग थाने आ रही है, जहां उससे वायरल वीडियो और हमले की घटना को लेकर विस्तृत पूछताछ की जाएगी।
हमले का कबूलनामा पड़ा भारी
गौरतलब है कि हाल ही में एक पॉडकास्ट इंटरव्यू की क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इसमें स्वतंत्र भारद्वाज खुलेआम यह दावा करता नजर आ रहा था कि जंतर-मंतर पर संजय कुमार के सिर पर उसने ही हमला किया था और अपने राजनीतिक प्रभाव के दम पर वह कार्रवाई से बचता रहा है।
इस वीडियो के सामने आते ही विपक्षी दलों और CJP ने दिल्ली पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल उठाए थे। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हस्तक्षेप के बाद कांग्रेस लीगल सेल की टीम भी पीड़ित पक्ष के समर्थन में थाने पहुंची थी, जिसके बाद पुलिस प्रशासन पर एफआईआर में सख्त धाराएं जोड़ने और गिरफ्तारी का भारी दबाव था।
आगे क्या हो सकती है कार्रवाई?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, स्वतंत्र भारद्वाज से पूछताछ के बाद मामले में दर्ज धाराओं में तब्दीली की जा सकती है। CJP और लीगल टीम ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास (Section 307), हेट स्पीच और आदतन अपराधी से जुड़ी गंभीर धाराओं के तहत औपचारिक गिरफ्तारी की मांग की है।





