Asha Bhosle Funeral: पंचतत्व में विलीन हुईं ‘सुरों की मल्लिका’, बेटे आनंद ने दी मुखाग्नि

Asha Bhosle Funeral: दिग्गज गायिका आशा भोसले का 92 साल की उम्र में निधन हो गया है। आशा भोसले का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया।

Asha Bhosle Funeral: सुरों की अमर आवाज आशा भोसले अब पंचतत्व में विलीन हो चुकी हैं। लेजेंडरी सिंगर को उनके बेटे आनंद भोसले ने मुखाग्नि दी. आशा ताई की गूंज हमेशा इस दुनिया में बनी रहेगी। आशा भोसले दशकों से फिल्मों के लिए गाने गाती आ रही थीं। आज यानी 13 अप्रैल को मुंबई के शिवाजी पार्क में तकरीबन 5 बजे राजकीय सम्मान के साथ आशा भोसले का अंतिम संस्कार हुआ। उनकी अंतिम विदाई के साथ एक युग का अंत जरूर हुआ है, लेकिन उनके गाए गीत आने वाली पीढ़ियों तक उन्हें अमर बनाए रखेंगे.

पंचतत्व में विलीन हुईं आशा भोसले

आशा भोसले को राजकीय सम्मान सहित अंतिम विदाई दी गई। उनके अंतिम संस्कार शिवाजी पार्क श्मशान घाट में उनके प्रियजनों की उपस्थिति में संपन्न हुए। सेलेब्स और फैंस ने सिंगर को भावपूर्ण अंतिम विदाई दी. आशा की पोती जेनाई बुरी तरह टूट गई हैं. दादी को आखिरी बार देखकर वो रोईं.

‘आशा’ नाम से चलाया लोकप्रिय रेस्तरां

लेजेंडरी सिंगर आशा भोसले का जाना एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के लिए बड़ा नुकसान है. 92 साल की उम्र में उनका निधन हुआ। आठ सितंबर, 1935 को महाराष्ट्र के सांगली में जन्मीं आशा भोसले को अपनी बहन की तरह ही उनके पिता दीनानाथ मंगेशकर ने संगीत की शिक्षा दी थी। कई पुरस्कारों से सम्मानित आशा भोसले एक सफल उद्यमी भी थीं।

उन्होंने दुबई और ब्रिटेन में ‘आशा’ नाम से लोकप्रिय रेस्तरां चलाया। उन्हें दादासाहेब फाल्के पुरस्कार, पद्म विभूषण, राष्ट्रीय पुरस्कार सहित कई अन्य संगीत सम्मानों से नवाजा गया।

छोड़ गई सदाबहार गानों की विरासत

सिंगर अपने पीछे सदाबहार गानों की विरासत छोड़ गई हैं। आशा भोसले के लोकप्रिय गीतों में ‘अभी न जाओ छोड़ कर’, ‘इन आंखों की मस्ती’, ‘दिल चीज क्या है’, ‘पिया तू अब तो आजा’, ‘दुनिया में लोगों को’ और ‘जरा सा झूम लूं मैं’ जैसे गाने शामिल हैं।

उन्होंने पद्मिनी एवं वैजयंतीमाला जैसी दक्षिण भारतीय अभिनेत्रियों से लेकर मीना कुमारी, मधुबाला, जीनत अमान, काजोल और उर्मिला मातोंडकर सहित कई प्रमुख अभिनेत्रियों को अपनी आवाज दी। इन गानों के जरिए वो हमेशा लोगों की यादों में जिंदा रहेंगी।

आशा भोसले ने अपने सात दशकों से अधिक लंबे करियर में 12,000 से ज्यादा गीत रिकॉर्ड किए। उन्होंने कई भारतीय और विदेशी भाषाओं में अपनी आवाज का जादू बिखेरा।

Back to top button