
लापता लेडीज एक्टर सतेंद्र सोनी ने फिल्ममेकर के खिलाफ की Zero FIR
Laapataa Ladies Actor Satendra Soni: आमिर खान के प्रोडक्शन की सुपरहिट फिल्म ‘लापता लेडीज‘ में अपनी अदाकारी से दर्शकों का दिल जीतने वाले अभिनेता सतेंद्र सोनी (Satendra Soni) ने बॉलीवुड के फिल्ममेकर पुष्पेंद्र सिंह और उनकी पत्नी व अभिनेत्री प्रगति चौहान के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। सतेंद्र सोनी ने मुंबई के ओशिवारा पुलिस स्टेशन में दोनों के खिलाफ जीरो एफआईआर (Zero FIR) दर्ज कराई है।
एक्टर का आरोप है कि फिल्म ‘पेड पालकी’ (Paid Paalki) की शूटिंग के दौरान उनके साथ न सिर्फ पैसों की धोखाधड़ी (Non-Payment) की गई, बल्कि उनके कद (Dwarfism) को लेकर बदसलूकी, गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
सेट पर मिली बदइंतजामी
सतेंद्र सोनी ने अपनी शिकायत में बताया कि वह एक स्ट्रगलिंग एक्टर हैं और एक्टिंग ही उनकी आजीविका का एकमात्र जरिया है। फिल्ममेकर पुष्पेंद्र सिंह ने उन्हें ‘पेड पालकी’ में 30 हजार रुपये प्रतिदिन के हिसाब से कुल 3 लाख रुपये की फीस पर साइन किया था। 50 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे और बाकी रकम शूटिंग के दौरान किस्तों में देने का वादा किया गया था।
सेट पर न तो उचित सैनिटेशन था और न ही कोई मेडिकल सुविधा। कलाकारों को बासी खाना परोसा जाता था। सतेंद्र का दावा है कि उनसे बिना ब्रेक के 16-16 घंटे काम कराया जाता था और खाने के नाम पर केवल एक समोसा दिया जाता था। स्थानीय लोग बिना इजाजत एक्टर को जबरन उठाकर तस्वीरें खिंचवाते थे, जिस पर ऑब्जेक्शन जताने पर भी प्रोडक्शन टीम ने कोई सुरक्षा नहीं दी।
‘बौना कहकर दी गाली’
सतेंद्र का आरोप है कि जब उन्होंने असिस्टेंट डायरेक्टर के जरिए अपना बकाया पैसा मांगा, तो डायरेक्टर की पत्नी प्रगति चौहान ने उन्हें फोन पर ‘बौना’ कहकर अपमानित किया, गालियां दीं और पैसे देने से साफ इनकार कर दिया। इस घटना के बाद उन्हें सेट पर पैनिक अटैक (Panic Attack) भी आया, लेकिन मदद के लिए कोई आगे नहीं आया।
जब सतेंद्र और फिल्म के लीड एक्टर श्रीधर दुबे ने काम छोड़कर जाने का फैसला किया, तो मेकर्स ने कथित तौर पर उनके साथ हाथापाई की, बंधक बनाया और जान से मारने की धमकी दी।
ये भी पढ़े-KGF फेम स्टार Yash की ‘Toxic का धमाका, US एडवांस बुकिंग में बनाया रिकॉर्ड
पुलिस ने दर्ज की FIR
ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) के अध्यक्ष सुरेश श्यामल गुप्ता और एसोसिएशन सतेंद्र सोनी के समर्थन में आगे आए हैं। मैहर में स्थानीय पुलिस की मदद से सुरक्षित वापस लौटने के बाद, मुंबई के ओशिवारा पुलिस स्टेशन में बीएनएस (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत जीरो एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच जारी है।
ये भी पढ़े-‘Spirit’ से दीपिका पादुकोण को क्यों निकाला? संदीप रेड्डी वांगा के भाई का खुलासा…





