‘Love And War’ का फर्स्ट लुक आउट, इश्क में घायल दिखे रणबीर कपूर

Love And War Poster: मशहूर फिल्म निर्माता-निर्देशक संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित पीरियड ड्रामा फिल्म ‘लव एंड वॉर’ को लेकर लंबे समय से उत्सुकता बनी हुई थी। इस ग्रैंड प्रोजेक्ट में बॉलीवुड के तीन बड़े सुपरस्टार्स रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल एक साथ स्क्रीन शेयर कर रहे हैं।

फैंस के इंतजार को खत्म करते हुए मेकर्स ने फिल्म से रणबीर कपूर का पहला लुक पोस्टर सोशल मीडिया पर जारी कर दिया है। इस विंटेज लुक पोस्टर में रणबीर कपूर का बेहद इंटेंस, रॉ और बिल्कुल नया अवतार दर्शकों को काफी आकर्षित कर रहा है।

जख्मी हाथ के साथ दिखे रणबीर

फिल्म के पहले लुक पोस्टर में रणबीर कपूर एक क्लासिक विंटेज कनवर्टिबल कार की ड्राइवर सीट पर बैठे नजर आ रहे हैं। रेट्रो स्टाइल के चश्मे, मूंछों और पोलो टी-शर्ट में रणबीर काफी स्टाइलिश लग रहे हैं, लेकिन उनके बाएं हाथ पर लगा खून और जख्म का निशान किरदार के हिंसक व गंभीर मिजाज को बयां कर रहा है। भंसाली के सिग्नेचर स्टाइल के अनुसार पोस्टर के बैकग्राउंड में विंटेज आर्किटेक्चर और रेट्रो गाड़ियों का पूरा ध्यान रखा गया है, जो इस पीरियड लव स्टोरी के बैकड्रॉप को बखूबी दर्शाता है।

भंसाली और रणबीर की वापसी

यह फिल्म रणबीर कपूर के करियर के लिए बेहद खास है, क्योंकि साल 2007 में उन्होंने संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘सांवरिया’ से ही बॉलीवुड में कदम रखा था। अब करीब 19 साल बाद यह जोड़ी बड़े पर्दे पर वापसी कर रही है। वहीं आलिया भट्ट भंसाली के साथ ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ के बाद दूसरी बार काम कर रही हैं, जबकि विक्की कौशल पहली बार भंसाली के निर्देशन में नजर आएंगे।

ये भी पढ़े- National Award लेकर लालबागचा राजा के शरण में कार्तिक आर्यन

इस दिन रिलीज होगी फिल्म

पोस्टर के साथ ही निर्माताओं ने फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट की भी पुष्टि कर दी है। यह भव्य फिल्म 21 जनवरी 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में बड़े पैमाने पर दस्तक देगी। इस घोषणा के बाद से ही फैंस के बीच फिल्म को लेकर जबरदस्त बज बन गया है।

ये भी पढ़े- बिना किसी कट के पास हुई सिद्धार्थ मल्होत्रा की ‘The Vvaan’, जानें फिल्म का रनटाइम

Back to top button