Box Office पर Haiwaan का सरप्राइज कलेक्शन, जानें पहले दिन की कमाई

Haiwaan Box Office Collection: अक्षय कुमार (Akshay Kumar) और सैफ अली खान (Saif Ali Khan) की बहुप्रतीक्षित क्राइम-थ्रिलर फिल्म ‘हैवान’ (Haiwaan) सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। 18 सालों बाद स्क्रीन पर साथ लौटी इस सुपरहिट जोड़ी को देखने के लिए दर्शकों में अच्छा-खासा उत्साह था।

सिनेमाघरों में पहले से मौजूद ‘हनुमान अंश’ और ‘मिर्जापुर: द मूवी’ जैसी फिल्मों की कड़ी टक्कर के बीच ‘हैवान’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपना पहला दिन पूरा कर लिया है।

भारत में ‘हैवान’ का प्रदर्शन (Haiwaan India Collection Day 1)

भारतीय बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की शुरुआत बेहद साधारण रही है। सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार ‘हैवान’ ने भारत भर में लगभग 7,224 शोज के साथ 3 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। अगर ग्रॉस इंडिया कलेक्शन की बात करें तो यह आंकड़ा 3.60 करोड़ रुपये तक पहुंचता है।

वर्किंग डे में रिलीज होने के कारण फिल्म की शुरुआत औसत मानी जा रही है, लेकिन ट्रेड एनालिस्ट्स को उम्मीद है कि शनिवार और रविवार को वीकेंड का फायदा मिलने के बाद इसके कलेक्शन में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

अंतरराष्ट्रीय बाजार यानी ओवरसीज कलेक्शन की बात करें तो फिल्म को विदेशों से भी सीमित प्रतिक्रिया मिली है। विदेशों से करीब 1 करोड़ रुपये की कमाई के साथ ‘हैवान’ का कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 4.60 करोड़ रुपये तक ही पहुंच पाया है। 115 करोड़ रुपये के बड़े बजट में बनी इस फिल्म को अपने लागत की भरपाई करने के लिए आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर काफी बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

ये भी पढ़े-Haiwaan Review: अक्षय-सैफ की टक्कर में दिमाग का खेल, प्रियदर्शन की ‘हैवान’ में कितना दम?

क्या है फिल्म ‘हैवान’ की कहानी?

प्रियदर्शन द्वारा लिखित और निर्देशित फिल्म ‘हैवान’ साल 2016 में आई सुपरहिट मलयालम फिल्म ‘ओप्पम’ (Oppam) की आधिकारिक हिंदी रीमेक है। यह कहानी एक ऐसे सिक्योरिटी मैनेजर के इर्द-गिर्द घूमती है जो दृष्टिहीन (visually impaired) है, लेकिन एक मासूम लड़की की जान बचाने के लिए एक सनकी और बदले की आग में जल रहे कातिल से भिड़ जाता है।

अक्षय कुमार, सैफ अली खान, बोमन ईरानी, श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर मुख्य भूमिकाओं में हैं। दिग्गज अभिनेता मोहनलाल ने इसमें कैमियो रोल निभाया है। यह फिल्म दिवंगत अभिनेता असरानी की आखिरी फिल्मों में से एक है।

वीकेंड पर टिकी निगाहें

सिनेमाघरों में इस समय ‘हनुमान अंश’ (Hanuman Ansh) और ‘मिर्जापुर’ जैसी फिल्में पहले से ही अपनी पकड़ बनाए हुए हैं। ऐसे में ‘हैवान’ के सामने बॉक्स ऑफिस पर खुद को स्थापित करने की चुनौती है। देखना दिलचस्प होगा कि शनिवार और रविवार के आंकड़े फिल्म को किस ऊंचाई तक ले जाते हैं।

ये भी पढ़े-Bigg Boss 20: यंग DSA के कमेंट पर भड़कीं कनिका मान, सभी घरवालों को मिली सजा

Back to top button