
अमीषा पटेल ने एक्ट्रेसेस के खर्चों पर कसा तंज, कहा- ‘उन्हें स्टारडम का भ्रम है’
Ameesha Patel: बॉलीवुड की बेबाक अदाकारा अमीषा पटेल एक बार फिर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में आ गई हैं। ‘गदर 2’ की ऐतिहासिक सफलता के बाद अमीषा पटेल सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस से लगातार संवाद स्थापित करती रहती हैं।
हाल ही में एक आस्क मी एनीथिंग (AMA) सेशन के दौरान एक्ट्रेस ने फिल्म इंडस्ट्री के उन रवैयों पर कड़ा प्रहार किया, जहां एक्ट्रेसेस फिल्मों के प्रमोशन के दौरान अपनी बड़ी टीम (एंटॉरेज) का भारी-भरकम खर्च प्रोड्यूसर्स से उठवाती हैं।
‘प्रोड्यूसर्स के पैसों पर ऐश करती हैं एक्ट्रेसेस’
सोशल मीडिया पर बातचीत के दौरान जब एक फैन ने अमीषा पटेल से पूछा कि क्या स्टार्स द्वारा प्रोड्यूसर्स के खर्च पर बड़ी टीम के साथ घूमना सही है, तो एक्ट्रेस ने इसका करारा जवाब दिया। अमीषा ने किसी का नाम लिए बिना लिखा कि कई फीमेल एक्ट्रेसेस अपने असली स्टारडम को स्वीकार ही नहीं कर पा रही हैं और भ्रम में जी रही हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि फिल्मों के प्रमोशन के दौरान उनके साथ घूमने वाले लाव-लश्कर का खर्च प्रोड्यूसर्स उठाते हैं, जो कई बार फिल्म के पहले दिन की कुल बॉक्स ऑफिस कमाई से भी अधिक हो जाता है। अमीषा ने कटाक्ष करते हुए उम्मीद जताई कि ये एक्ट्रेसेस बिना किसी प्रोड्यूसर के पैसों के अपनी आम जिंदगी में भी इतनी ही बड़ी टीम का खर्च खुद उठाती होंगी।
फालतू और छोटी फिल्मों में काम नहीं
इसी बातचीत के दौरान जब एक अन्य प्रशंसक ने अमीषा से उनके अगले प्रोजेक्ट और नई फिल्मों के बारे में सवाल किया, तो उन्होंने साफ किया कि वह किसी भी हड़बड़ी में फिल्में साइन नहीं करना चाहती हैं। अमीषा ने कहा कि वह ‘एक के साथ एक फ्री’ या 99 रुपये के सस्ते टिकट ऑफर्स वाली फिल्मों का हिस्सा नहीं बनना चाहतीं। बेकार और समय बर्बाद करने वाले रोल करने से बेहतर है कि कुछ सालों के अंतराल में ‘गदर’ जैसी बड़ी और दमदार फिल्म की जाए। उन्होंने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि बहुत जल्द बॉक्स ऑफिस पर फिर से गदर मचाने का वक्त आएगा।
ये भी पढ़े-‘शर्ट के बटन खोलो और इनरवियर..’, राधिका आप्टे से मेकर्स ने की अजीब डिमांड
सही प्रोजेक्ट के इंतजार में अमीषा
सनी देओल के साथ साल 2023 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘गदर 2’ में सकीना का यादगार किरदार निभाने के बाद अमीषा पटेल ने सिनेमाघरों में फिर से बड़ी वापसी की थी। 600 करोड़ रुपये से अधिक की विश्वव्यापी कमाई करने वाली इस फिल्म के बाद से फैंस उनकी अगली फिल्म की आधिकारिक घोषणा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
अमीषा का यह ताजा बयान ऐसे समय आया है जब हाल के दिनों में कई दिग्गज फिल्म निर्माता भी प्रमोशन के नाम पर स्टार्स की टीम के अत्यधिक खर्चों पर चिंता व्यक्त कर चुके हैं।
ये भी पढ़े-Golmaal 5: हंसी का दोगुना डोज लेकर लौट रही ‘गोलमाल 5’, रिलीज डेट का हुआ ऐलान





