
FIH Nations Cup: भारत की बेटियों ने रचा इतिहास, न्यूजीलैंड को हराकर बनीं हॉकी चैंपियन
FIH Nations Cup: भारतीय महिला हॉकी टीम ने मेजबान न्यूजीलैंड को 2-0 से हराकर एफआईएच नेशन्स कप (FIH Nations Cup) का खिताब जीत लिया है।
FIH Nations Cup: भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार साल बाद एफआईएच नेशन्स कप (FIH Nations Cup) का खिताब अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में भारत ने मेजबान न्यूजीलैंड को 2-0 से मात देकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही भारतीय टीम ने एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2026-27 के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है, जो 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।
शुरुआती मिनटों में ही बनाई बढ़त
टूर्नामेंट में अजेय (Unbeaten) रही भारतीय टीम ने फाइनल में शुरुआत से ही न्यूजीलैंड पर दबाव बनाए रखा। खेल के पहले क्वार्टर में ही भारत ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली थी.
स्टार खिलाड़ी नवनीत कौर ने शानदार मैदानी गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। भारतीय हॉकी की उभरती हुई सनसनी सुनेलिता टोप्पो ने दूसरा गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया।
इसके बाद भारतीय डिफेंस ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए न्यूजीलैंड को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। इससे पहले टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में चिली को 6-0 से एकतरफा शिकस्त दी थी।
हॉकी इंडिया ने खोला खजाना
भारतीय महिला टीम के इस दमदार प्रदर्शन से खुश होकर हॉकी इंडिया ने बड़े नकद पुरस्कार (Cash Prize) का ऐलान किया है. टीम की हर खिलाड़ी को 3-3 लाख रुपये दिए जाएंगे। सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 1.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।
इस पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम का सफर कमाल का रहा, जहां उन्होंने अमेरिका (3-2), जापान और उरुग्वे जैसी टीमों को हराते हुए अजेय रहकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।





