
‘सॉफ्ट बहू’ से ‘फाइटर लीडर’ तक… डिंपल यादव के बदले अंदाज ने बढ़ाई SP की उम्मीदें
Dimple Yadav: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव का बदला हुआ राजनीतिक अंदाज चर्चा का विषय बन गया है। अब तक शांत और संयमित नेता की छवि रखने वाली डिंपल इस बार सड़क पर उतरकर न केवल प्रदर्शनकारियों के साथ खड़ी दिखीं, बल्कि घायल छात्रों की मदद, पुलिस कार्रवाई का विरोध और सरकार पर तीखे सवाल उठाते हुए भी नजर आईं। उनके इस बदले हुए तेवर ने समाजवादी पार्टी की राजनीतिक रणनीति और 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
सिर्फ समर्थन नहीं, मौके पर संभाली जिम्मेदारी
प्रदर्शन के दौरान सामने आए वीडियो में डिंपल यादव घायल छात्रों को पानी पिलातीं, एंबुलेंस बुलातीं और डॉक्टरों से संपर्क करती दिखाई दीं। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ने के बावजूद वह मौके पर मौजूद रहीं और लगातार छात्रों का हौसला बढ़ाती रहीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग किया और कुछ पुलिसकर्मी बिना पहचान-पट्टिका के कार्रवाई कर रहे थे। डिंपल ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताते हुए सरकार से जवाब मांगा।

SP के लिए नई राजनीतिक ताकत?
समाजवादी पार्टी के नेताओं का कहना है कि डिंपल यादव ने पहली बार इतने आक्रामक और नेतृत्वकारी अंदाज में सार्वजनिक भूमिका निभाई। पार्टी सांसद प्रिया सरोज ने कहा कि डिंपल ने उस दिन सिर्फ राजनीति नहीं की, बल्कि घायल छात्रों की हर संभव मदद की। वहीं सांसद राजीव राय ने कहा कि छात्रों ने उन पर भरोसा जताया और अपनी समस्याएं खुलकर साझा कीं।

बढ़ रही है राजनीतिक सक्रियता
पिछले कुछ वर्षों में डिंपल यादव की सक्रियता लगातार बढ़ी है। मैनपुरी उपचुनाव में जीत और उसके बाद लोकसभा चुनाव के दौरान पूरे उत्तर प्रदेश में सक्रिय प्रचार ने उन्हें पार्टी की प्रमुख नेताओं की कतार में ला खड़ा किया है। अब वह केवल सांसद ही नहीं, बल्कि पार्टी के प्रमुख जनसंपर्क चेहरों में भी शामिल मानी जा रही हैं।

यह भी पढ़ें…
धर्मांतरण के आरोप से गरमाया लखनऊ, तमिलनाडु से आए 5 लोगों से पूछताछ में जुटी पुलिस
2027 को लेकर अटकलें तेज
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि समाजवादी पार्टी युवाओं और महिलाओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए डिंपल यादव की भूमिका को और विस्तार दे सकती है। उनका संयमित लेकिन जरूरत पड़ने पर आक्रामक रुख पार्टी के लिए एक अलग राजनीतिक संदेश देने का माध्यम बन सकता है।

हालांकि, डिंपल यादव को 2027 विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी का नया चेहरा बनाया जाएगा, इस संबंध में पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। फिलहाल यह राजनीतिक विश्लेषण और पार्टी के भीतर चल रही चर्चाओं का हिस्सा है।
यह भी पढ़ें…
‘रावण राज’ वाले बयान से गरमाई UP की सियासत, शंकराचार्य ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
छात्र आंदोलन से निकला बड़ा राजनीतिक संदेश
जंतर-मंतर का यह प्रदर्शन केवल छात्रों के मुद्दों तक सीमित नहीं रहा। इसने यह भी दिखाया कि विपक्षी दल छात्र आंदोलनों के जरिए सरकार को घेरने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, डिंपल यादव की सक्रिय मौजूदगी ने यह संकेत जरूर दिया कि समाजवादी पार्टी उन्हें भविष्य में और बड़ी राजनीतिक जिम्मेदारियों के साथ आगे बढ़ा सकती है।

यह भी पढ़ें…





