
गया श्राद्ध में क्यों जरूरी है पिंडदान, पद्म पुराण से जानें गयासुर की पौराणिक कथा
Gaya Shradh Pind Daan: सनातन धर्म परंपरा में पितृ पक्ष और श्राद्ध कर्म का विशेष आध्यात्मिक महत्व माना गया है। सनातन शास्त्रों में बिहार स्थित पावन गया धाम को पितरों के तर्पण और पिंडदान के लिए सबसे श्रेष्ठ स्थान का दर्जा प्राप्त है।
पद्म पुराण के उत्तर खंड में गया जी की महिमा का विशद वर्णन मिलता है, जिसके अनुसार गया क्षेत्र में श्रद्धापूर्वक किया गया तिल और जल का दान भी पितरों को यमलोक के कष्टों से मुक्ति दिलाकर सीधे बैकुंठ धाम पहुंचा देता है।
गयासुर की कठोर तपस्या
पद्म पुराण की पौराणिक कथा के अनुसार प्राचीन काल में गयासुर नाम का एक अत्यंत प्रतापी और निष्काम विष्णुभक्त असुर हुआ। उसने हजारों वर्षों तक ऐसी घोर तपस्या की कि उसके तपोबल से तीनों लोक में खलबली मच गई।
भगवान विष्णु ने प्रकट होकर जब उससे वरदान मांगने को कहा, तो गयासुर ने संपूर्ण सृष्टि के कल्याण के लिए वरदान मांगा कि उसकी देह इतनी पवित्र हो जाए कि जो भी जीव उसे देख ले या स्पर्श कर ले, उसके समस्त पाप भस्म हो जाएं और उसे सीधे स्वर्गलोक की प्राप्ति हो। भगवान के वरदान के बाद पापियों के भी सीधे स्वर्ग जाने से यमलोक सूना होने लगा।
ब्रह्मा जी का यज्ञ
सृष्टि के संतुलन को बनाए रखने के लिए ब्रह्मा जी और देवताओं ने गयासुर से उसकी विशाल देह पर यज्ञ करने के लिए पवित्र भूमि मांगी। परम धार्मिक गयासुर सहर्ष तैयार हो गया और पीठ के बल लेट गया। यज्ञ के दौरान गयासुर की देह को स्थिर रखने के लिए भगवान विष्णु स्वयं अपने गदाधर रूप में प्रकट हुए और उन्होंने अपने भारी चरण तथा दिव्य गदा गयासुर की पीठ पर स्थित शिला पर रख दिए।
गयासुर की इस अनन्य भक्ति और समर्पण से प्रसन्न होकर भगवान विष्णु ने उसे अमोघ वरदान दिया कि यह स्थान सदैव गया क्षेत्र के नाम से पूजनीय रहेगा।
ये भी पढ़े-अमावस्या और पितृलोक का गहरा रहस्य, जानिए माता सत्यवती के जन्म की पौराणिक गाथा
गया धाम में पिंडदान का महत्व
भगवान विष्णु के वरदान के अनुसार इस पवित्र शिला और गयासुर की देह पर जो भी मनुष्य अपने पूर्वजों का श्रद्धापूर्वक श्राद्ध, तर्पण या पिंडदान करेगा, उसके पितृ यमलोक और प्रेतयोनि से तत्काल मुक्त होकर ब्रह्मलोक को प्राप्त होंगे। गया जी में एक बार विधि-विधान से पिंडदान करने से साधक के कुल की 21 पीढ़ियों का पूर्ण उद्धार हो जाता है।
इसके अलावा अकाल मृत्यु या दुर्घटना का शिकार हुए पूर्वजों को भी यहां पिंडदान करने से भटकती प्रेतयोनि से तुरंत मुक्ति मिल जाती है।
ये भी पढ़े-आज मनाई जा रही है अनंत चतुर्दशी, जानें पूजा का शुभ मुहूर्त और 14 गांठ वाले सूत्र का महत्व
अक्षय वट की महिमा
गया धाम में स्थित अक्षय वट के नीचे पिंडदान करने से पितरों को कभी न समाप्त होने वाली अक्षय तृप्ति प्राप्त होती है। पद्म पुराण का यह प्रसंग हर सनातन धर्मी को सिखाता है कि माता-पिता और पूर्वजों के प्रति पितृ ऋण चुकाना मनुष्य का सबसे बड़ा धर्म है।
भगवान विष्णु के चरण कमलों से पवित्र यह भूमि हर श्रद्धालु को अपने पूर्वजों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने और उन्हें मोक्ष के द्वार तक पहुंचाने का दिव्य अवसर प्रदान करती है।
ये भी पढ़े-‘गया धाम’ में पिंडदान करने से इसलिए मिलता है पितरों को मोक्ष





