UP News: कलयुगी पिता ने दही में जहर मिलाकर मासूमों को मारा, बड़ी बेटी ने भागकर बचाई जान

Gorakhpur Crime News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक मानसिक रूप से बीमार पिता ने अपने ही बच्चों की पसंदीदा दही में जहर मिलाकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।

Gorakhpur Crime News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के गीडा (GIDA) थाना क्षेत्र से एक ऐसी खौफनाक घटना सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। यहाँ एक पिता ही अपनी संतानों का कातिल बन बैठा। बरवार खुर्द गांव में एक कलयुगी पिता ने अपने दो मासूम बच्चों को उनकी पसंदीदा चीज यानी ‘दही’ में जहर मिलाकर खिला दिया, जिससे दोनों की दर्दनाक मौत हो गई।

इस भयावह घटना में आरोपी ने अपनी बड़ी बेटी को भी जहर देने की कोशिश की, लेकिन वह सूझबूझ दिखाते हुए वहां से भाग निकली और अपनी जान बचाई। घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है।

बड़ी बेटी ने भागकर बचाई जान

पुलिस जांच और परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी पिता सत्यम कुमार गुरुवार शाम करीब 6 बजे अपने घर पहुंचा था। उस वक्त घर पर उसकी तीनों संतानें मौजूद थीं। सत्यम अपने साथ कोई जहरीला पदार्थ लेकर आया था। उसे पता था कि बच्चों को दही बेहद पसंद है, इसलिए उसने क्रूर साजिश के तहत दही में जहर मिलाया।

सत्यम ने सबसे पहले अपने साढ़े चार साल के बेटे अक्षत को जहरीली दही खिलाई। इसके बाद उसने अपनी आठ साल की बेटी प्राची को भी वही जहर दे दिया। जब वह अपनी 11 वर्षीय बड़ी बेटी प्रज्ञा को जबरन दही पिलाने लगा, तो प्रज्ञा को कुछ अनहोनी का अहसास हुआ और वह किसी तरह उसके चंगुल से छूटकर बाहर की तरफ भागी।

बच्चों को कमरे में बंद कर खुद को किया कैद

बड़ी बेटी के भागने के बाद आरोपी पिता ने दोनों अचेत हो रहे छोटे बच्चों को कमरे में बंद कर दिया और खुद भी अंदर छिप गया। उधर, बाहर भागी प्रज्ञा ने शोर मचाकर दादा-दादी और आसपास के ग्रामीणों को इकट्ठा किया। प्रज्ञा की बात सुनकर जब परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और दरवाजा खुलवाया, तब तक दोनों मासूम बच्चे (अक्षत और प्राची) अचेत हो चुके थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां शुक्रवार तड़के इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

ग्रामीणों और आरोपी की पत्नी संजू देवी के अनुसार, सत्यम कुमार मानसिक रूप से अस्वस्थ था। उसकी पत्नी ने बताया कि करीब 10 साल से सत्यम की मानसिक रोग की दवा चल रही थी और छह महीने पहले ही उसे बीआरडी (BRD) मेडिकल कॉलेज में भी भर्ती कराया गया था।

ये भी पढ़े- UP News: गरीबी का फायदा उठाकर बेच रहे थे मासूमों की जिंदगी, लखनऊ पुलिस ने गिरोह दबोचा

पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा के कड़े इंतजाम

एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्चों के दादा की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस सभी पहलुओं और एंगल्स से मामले की गहन जांच कर रही है। वहीं, आरोपी की मानसिक स्थिति को देखते हुए पुलिस कस्टडी में भी उसकी सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं और चार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है ताकि वह खुद को कोई नुकसान न पहुंचा सके।

Back to top button