
UP News: देवरिया में डबल मर्डर, आधी रात घर लौट रहे दो युवकों की हत्या
Deoria Double Murder: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक दहला देने वाली डबल मर्डर की घटना सामने आई है। मईल थाना क्षेत्र के अंतर्गत रामजानकी मार्ग पर बढ़या हरदो गांव के समीप मंगलवार की देर रात बाइक सवार दो युवकों की अज्ञात हमलावरों ने चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी।
एक साथ दो युवकों की नृशंस हत्या की इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
मेला देखने के लिए घर से निकले थे
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मईल थाना क्षेत्र के करजहां गांव के रहने वाले वकील यादव और इटहुरा हजाम गांव के रहने वाले विनय यादव घर से मेला देखने जाने की बात कहकर निकले थे। दोनों युवक रात के समय एक ही बाइक पर सवार होकर लार की तरफ गए थे।
जब वे देर रात वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी रामजानकी मार्ग पर बढ़या हरदो के पास अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ कई वार किए। इस क्रूर हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे खून से लथपथ हालत में गिर पड़े।
वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। उधर से गुजर रहे कुछ अन्य राहगीरों ने जब दोनों युवकों को सड़क के किनारे अचेत और खून से लथपथ अवस्था में देखा, तो तुरंत डायल 112 पर फोन करके पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस ने बनाई तीन टीमें
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए देवरिया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिजीत आर. शंकर ने तत्काल अपनी टीम के साथ घटनास्थल का दौरा किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश या लूटपाट से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात हत्यारों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हत्यारोपियों की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे के लिए पुलिस प्रशासन ने तीन विशेष टीमों का गठन किया है। पुलिस की ये टीमें आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। इस दोहरे हत्याकांड के बाद से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।





