Stock Market: शेयर बाजार में शानदार तेजी, सेंसेक्स 800 अंक उछला

Stock Market Rally: भारतीय शेयर बाजार (Stock Market) में बुधवार के कारोबारी सत्र की शुरुआत बेहद धमाकेदार अंदाज में हुई। बाजार के दोनों प्रमुख सूचकांक हरे निशान में खुले और देखते ही देखते बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स करीब 800 अंकों की शानदार छलांग लगा गया।

बाजार में इस अचानक आई तेज रौनक के पीछे देश के सबसे बड़े आईपीओ यानी मुकेश अंबानी की कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स के बाजार में उतरने की बड़ी वजह मानी जा रही है।

सेंसेक्स-निफ्टी में जोरदार शुरुआत

बुधवार को शेयर बाजार की शुरुआत होते ही निवेशकों में गजब का उत्साह देखने को मिला। बीएसई सेंसेक्स अपने पिछले बंद 73,852.90 के मुकाबले उछलकर 74,337.93 के स्तर पर खुला। इसके बाद खरीददारी का दौर ऐसा तेज हुआ कि कुछ ही मिनटों में सेंसेक्स 800 अंकों से अधिक की बढ़त बनाते हुए 74,668 के लेवल के पार ट्रेड करता हुआ नजर आया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी मजबूत बढ़त के साथ हरे निशान पर कारोबार कर रहा है।

व्यापक बाजार में, निफ्टी मिडकैप 100 में 0.02 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 0.09 प्रतिशत की गिरावट आई।

सेक्टरवार देखें तो सबसे ज्यादा निफ्टी आईटी में 2.3 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली। इसके साथ ही निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी ऑयल एंड गैस, निफ्टी सीमेंट और निफ्टी रियल्टी में भी अच्छी बढ़त दर्ज की गई। इसके विपरीत, निफ्टी केमिकल और निफ्टी मीडिया में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई।

वैश्विक स्तर पर, एशियाई बाजारों में तेजी देखी गई, जिसमें दक्षिण कोरियाई शेयरों ने सबसे आगे बढ़कर बढ़त दर्ज की।

वॉल स्ट्रीट पर रात भर के दौरान, स्वास्थ्य सेवा शेयरों में बढ़त ने डॉव जोन्स और एसएंडपी 500 सूचकांकों को ऊपर उठाया, जबकि तकनीकी शेयरों ने नैस्डैक सूचकांक को मामूली रूप से नीचे खींच लिया।

इस बीच, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखी गई, वैश्विक बेंचमार्क ब्रेंट तेल 110 डॉलर प्रति बैरल के करीब कारोबार करता नजर आया।

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की संभावना को लेकर बनी आशावादिता से घरेलू बाजार को समर्थन मिल सकता है, लेकिन उच्च कच्चे तेल की कीमतें, वैश्विक बॉन्ड यील्ड में वृद्धि और लगातार भू-राजनीतिक अनिश्चितता निवेशकों के विश्वास पर दबाव डाल रही है, जिससे स्थायी सुधार मुश्किल साबित हो सकता है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में उछाल

जियो प्लेटफॉर्म्स के बहुप्रतीक्षित आईपीओ (Jio Platforms IPO) के खुलने और अन्य सकारात्मक कारोबारी संकेतों के चलते रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के शेयरों में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में रिलायंस का शेयर 2 प्रतिशत से अधिक की मजबूती के साथ 1,234 रुपये के आसपास ट्रेड करता दिखाई दिया। इसके अलावा, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयरों में भी एक फीसदी से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई।

मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि रिलायंस समूह के इस ऐतिहासिक कंज्यूमर-बेस्ड आईपीओ को लेकर निवेशकों में भारी क्रेज है, जिसके कारण बाजार के सेंटीमेंट काफी मजबूत बने हुए हैं और इसका सीधा सकारात्मक असर प्रमुख सूचकांकों पर देखने को मिल रहा है।

Back to top button