
UP News: दो बसों के बीच दबकर महिला की मौत, कैसे हुआ ये खौफनाक हादसा?
हरदोई रोडवेज बस अड्डे पर दो बसों की चपेट में आने से नेहा सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। 10 साल पहले पति को भी इसी तरह खोने वाली नेहा अपने दो मासूम बच्चों की एकमात्र सहारा थीं।
UP News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के मुख्य रोडवेज बस अड्डे पर एक रोंगटे खड़े कर देने वाला दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां दो रोडवेज बसों की लापरवाही और धक्का-मुक्की के बीच दबकर 32 वर्षीय महिला नेहा सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
इस हादसे का सबसे दुखद पहलू यह है कि लगभग 10 साल पहले नेहा के पति की भी इसी तरह दो गाड़ियों के बीच फंसने से मौत हुई थी। अब मां का साया उठ जाने से उनके दो मासूम बच्चे पूरी तरह अनाथ हो गए हैं।
कैसे हुआ यह खौफनाक हादसा?
कोतवाली देहात क्षेत्र के खेतुई गांव की रहने वाली नेहा सिंह एक निजी फार्मा कंपनी में काम करती थीं। वे कंपनी की आधिकारिक मीटिंग में शामिल होने के लिए उन्नाव के बांगरमऊ जाने वाली बस का इंतजार कर रही थीं।
View this post on Instagram
चश्मदीदों के मुताबिक, नेहा बस में चढ़ने के लिए आगे बढ़ रही थीं, तभी हरदोई डिपो और कन्नौज डिपो की दो बसें पास-पास आकर रुकीं। दोनों बसों के चालकों ने आपस में कट मारते हुए जल्दबाजी में गाड़ियां आगे बढ़ा दीं। इस दौरान नीचे खड़ी नेहा को उन्होंने नहीं देखा और नेहा दोनों बसों के अगले हिस्से के बीच बुरी तरह पिस गईं।
ये भी पढ़े- UP Politics: समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका, 5 बार के विधायक आलमबदी का निधन
पति की भी ऐसे ही हुई थी मौत
नेहा के देवर वीरेश सिंह ने बताया कि करीब 10 वर्ष पहले नेहा के पति सर्वेश सिंह (जो ड्राइवर थे) की भी इसी तरह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हुई थी। तब वे एक ट्रक और डीसीएम (DCM) के बीच फंस गए थे।
पति की असमय मौत के बाद नेहा ने हिम्मत नहीं हारी और एक निजी कंपनी में नौकरी कर अपने 15 साल की बेटी रिया और 11 साल के बेटे विवेक का पालन-पोषण कर रही थीं। लेकिन इस नए हादसे ने दोनों मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता दोनों का साया हमेशा के लिए छीन लिया।
ये भी पढ़े- UP News: पति की हत्याकर शव बोरे में भरकर फेंका, प्रेमी सहित तीन को आजीवन कारावास





