Dubai से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में हाईजैकिंग का अलर्ट, पायलट ने भेजा सिग्नल

Flight Hijack Alert: अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन क्षेत्र में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही ‘फ्लाईदुबाई’ (Flydubai) की एक पैसेंजर फ्लाइट से अचानक हाईजैकिंग से जुड़ा इमरजेंसी सिग्नल जारी हुआ। विमान से डिस्ट्रेस कोड मिलते ही इजरायली सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। 

आनन-फानन में फाइटर जेट्स को एस्कॉर्ट के लिए रवाना कर दिया गया। हालांकि, बाद में विमान का मार्ग बदलकर उसे सऊदी अरब के तबुक हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंड करा लिया गया।

पैदा हुई भ्रम की स्थिति

रिपोर्ट्स के अनुसार, 170 से अधिक यात्रियों और क्रू मेंबर्स को लेकर उड़ रही फ्लाईदुबाई की फ्लाइट FZ1073 ने अचानक अपने ट्रांसपोंडर से आपातकालीन सिग्नल भेजना शुरू किया। विमान ने शुरुआत में सामान्य आपातकाल का संकेत देने वाला कोड 7700 प्रेषित किया, लेकिन कुछ ही पलों में इसे बदलकर गैर-कानूनी दखल या अपहरण से संबंधित बेहद संवेदनशील कोड 7500 कर दिया गया।

इस हाईजैकिंग कोड के एक्टिव होते ही वैश्विक स्तर पर विमानन अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए। हालांकि, कुछ समय बाद विमान ने दोबारा 7700 कोड पर स्विच किया, जिससे कॉकपिट के अंदर किसी बड़ी अनहोनी या असमंजस की आशंका गहरा गई।

ये भी पढ़े-नेतन्याहू के UAE दौरे पर भड़का ईरान 

इजरायल पीएमओ की सफाई

विमान से मिले अप्रत्याशित सिग्नल के बाद इजरायल में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय बैठक बुलाई गई। बाद में इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय की ओर से एक आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी कर यह साफ किया गया कि फ्लाईदुबाई का यह विमान किसी आतंकवादी या बाहरी अपहरणकर्ताओं के कब्जे में नहीं है।

प्रारंभिक जांच और रिपोर्ट्स के अनुसार, कॉकपिट में क्रू मेंबर्स या पायलटों के बीच आपस में हुए किसी अप्रत्याशित विवाद के कारण यह गलत इमरजेंसी कोड चला गया था, जिसने दुनिया भर की सुरक्षा एजेंसियों में अफरा-तफरी फैला दी।

ये भी पढ़े-ईरान को प्रतिबंधों में राहत देने के लिए हम तैयार हैं:Trump

सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित लैंडिंग

हाईजैकिंग अलर्ट और अचानक बदले घटनाक्रम के बाद फ्लाइट को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट की तरफ डायवर्ट कर दिया गया, जहां विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई है। सुरक्षा अधिकारी अब प्लेन में सवार सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए पूरे क्रू से पूछताछ कर रहे हैं।

फ्लाईदुबाई और विमानन अधिकारी इस बात की गहन जांच कर रहे हैं कि आखिर कॉकपिट के अंदर क्या स्थिति बनी थी, जिसके चलते पायलट को गलत सिग्नल भेजना पड़ा।

ये भी पढ़े-भारत की सुरक्षा प्राथमिकताओं पर अमेरिका गंभीर नहीं:जयशंकर

Back to top button