Hockey India Awards: हार्दिक ने जीता सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का अवॉर्ड, महिला खिलाड़ी भी सम्मानित

Hockey India: युवा मिडफील्डर हार्दिक सिंह और डिफेंडर सलीमा टेटे को वर्ष 2023 के सर्वश्रेष्ट खिलाड़ी का हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर पुरस्कार दिया गया जबकि मेजर ध्यानचंद के नाम पर लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान उनके बेटे अशोक कुमार को मिला। 

इमेज क्रेडिट-सोशल मीडिया

भारतीय पुरुष हॉकी टीम के उपकप्तान और मिडफील्डर हार्दिक सिंह ने हॉकी इंडिया अवॉर्ड्स में पुरस्कारों की झड़ी लगा दी। इस कड़ी में उन्होंने पीआर श्रीजेश, हरमनप्रीत सिंह और मनप्रीत सिंह जैसे कई खिलाड़ियों को पीछे छोड़ा। हार्दिक ने साल 2023 के लिए भारत के सर्वश्रेष्ठ पुरुष हॉकी खिलाड़ी का पुरस्कार जीता। महिलाओं की श्रेणी में साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का अवॉर्ड सलीमा टेटे ने जीता।

हार्दिक और सलीम को बलबीर सिंह सीनियर पुरस्कार दिया गया। साथ ही 25-25 लाख रुपये भी दिए गए। इतना ही नहीं, हार्दिक ने साल (2023) के सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर होने के लिए अजीत पाल सिंह अवॉर्ड भी जीता। उन्हें इनाम के तौर पर पांच लाख रुपये भी मिले।

हरमनप्रीत सिंह सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर चुने गए
भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरममप्रीत सिंह सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर चुने गए और उन्हें परगट सिंह अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। उन्हें भी इनाम के तौर पर पांच लाख रुपये दिए गए। वहीं, भारत के दिग्गज गोलकीपर पीआर श्रीजेश को साल का सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया। उन्हें बलजीत सिंह गोलकीपर ऑफ द ईयर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। श्रीजेश ने इस मामले में भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सविता पूनिया को पीछे छोड़ा।

हार्दिक ने कहा, “प्रतिष्ठित पुरस्कार जीतना मेरे लिए बहुत गर्व की बात है। यह वास्तव में हमारी टीम द्वारा पिछले वर्ष प्रदर्शित की गई कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मैं उनके समर्थन के लिए प्रत्येक का आभारी हूं। सम्मान को उचित ठहराने के लिए आने वाले वर्ष में और भी अधिक मेहनत करना जारी रखूंगा।”

इस बीच, सलीमा टेटे ने कहा, “मैं अपने साथियों, कोचों और सहयोगी स्टाफ को मुझ पर विश्वास दिखाने के लिए धन्यवाद देना चाहती हूं। जब भी मुझे भारतीय जर्सी पहनने का मौका मिलता है तो यह मेरे लिए बहुत गर्व की बात है। यह पुरस्कार मुझे हर दिन और भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा ताकि मैं देश को गौरवान्वित करना जारी रख सकूं।”

अशोक कुमार को ध्यानचंद पुरस्कार
इस समारोह में शीर्ष पुरस्कार हॉकी इंडिया मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड का रहा, जिसे उनके (ध्यानचंद) बेटे अशोक कुमार ने जीता। अशोक को 30 लाख रुपये से सम्मानित किया गया। इस साल के लिए कुल इनामी राशि 7.56 करोड़ रुपये की थी।  

1975 विश्व कप विजेता अशोक कुमार ने अपने पिता मेजर ध्यानचंद के नाम पर प्रतिष्ठित लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार जीता।

शीर्ष गोलकीपर पी.आर. श्रीजेश को वर्ष के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर के लिए बलजीत सिंह पुरस्कार से सम्मानित किया गया, उन्हें ट्रॉफी के साथ 5,00,000 रुपये का चेक दिया गया। पूरे वर्ष अपने निरंतर प्रदर्शन के लिए, हरमनप्रीत सिंह ने डिफेंडर ऑफ द ईयर का परगट सिंह पुरस्कार जीता, जिससे उन्हें ट्रॉफी के साथ 5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार मिला।\

इन खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
हरमनप्रीत सिंह को 200 अंतरराष्ट्रीय कैप पूरे करने के लिए दो लाख रुपये और एक ट्रॉफी से सम्मानित किया गया, जबकि भारतीय महिला हॉकी टीम की गोलकीपर सविता को 250वीं कैप हासिल करने के लिए एक ट्रॉफी के साथ 2.5 लाख रुपये दिए गए। श्रीजेश को 300वीं अंतरराष्ट्रीय कैप अर्जित करने के लिए एक ट्रॉफी के साथ तीन लाख रुपये दिए गए।

Back to top button