टोक्यो ओलंपिक: लवलीना ने पदक किया पक्का, दीपिका कुमारी ने बढ़ाई उम्मीद

टोक्यो ओलंपिक में दीपिका कुमारी

टोक्यो (जापान)। दुनिया की नंबर एक तीरंदाज भारत की दीपिका कुमारी ने टोक्यो ओलंपिक में तीरंदाजी की महिला स्पर्धा में क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।

अब उन्होंने पदक की उम्मीद बढ़ा दी है। दीपिका कुमारी ने इस मुकाबले में रूस ओलंपिक समिति की सेनिया पेरोवा को शूटऑफ में हराया।

दीपिका ने 6-5 से मुकाबला अपने नाम किया। शूटऑफ में सेनिया सिर्फ 7 पर निशाना लगा पाईं जबकि दीपिका ने 10 पर निशाना लगाने में सफल रहीं। क्वार्टर फाइनल में दीपिका का मुकाबला कोरिया की आन सान से होगा।

इससे पहले दीपिका कुमारी ने तीसरा सेट जीता। उऩ्होंने इस सेट में 28 का स्कोर किया। जबकि उनकी प्रतिद्वंदी सेनिया 26 का स्कोर कर पाईं। दीपिका ने इस जीत के साथ 4-2 की बढ़त बनाई।

दूसरी ओर भारत की बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन ने टोक्यो ओलंपिक में इतिहास रच दिया। वह सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। उनके सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद भारत का एक और पदक पक्का हो गया है।

क्वार्टर फाइनल में लवलीना ने महिलाओं की 69 किग्रा भार वर्ग में चीनी ताइपे की खिलाड़ी निएन चिन चेन को 4-1 से करारी शिकस्त दी।

सेमीफाइनल में लवलीना का मुकाबला मौजूदा विश्व चैंपियन तुर्की की बुसानेज सरमेनेली से होगा। जिन्होंने क्वार्टर फाइनल में अन्ना लिसेंको को शिकस्त दी।

विश्व चैंपियनशिप में दो बार कांस्य पदक जीत चुकीं लवलीना बोरगोहेन ने मैच के दौरान गजब का प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिद्वंदी को हराया।

मुकाबले के आखिरी के तीन मिनटों में उन्होंने अपना रक्षण भी नियंत्रित रखा और जवाबी हमले में अपने प्रतिद्वंदी पर भारी पड़ीं। 

Back to top button