टोक्यो ओलंपिक: वंदना ने तीन गोल दाग कर रचा इतिहास, महिला हॉकी टीम ने अफ्रीका को हराया

vandana kataria

टोक्यो। भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया ने टोक्यो ओलंपिक में इतिहास रच दिया। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में उन्होंने तीन गोल दागे और टीम की जीत में मुख्य भूमिका निभाई।

इसी के साथ वंदना ओलंपिक इतिहास में हॉकी में हैट्रिक लगाने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं।

वंदना के शानदार खेल की बदौलत ही भारतीय टीम ग्रुप ए का अपना आखिरी मुकाबला जीतने में सफल रही और क्वार्टरफाइनल की उम्मीदों को बरकरार रखा।  

मैच की बात करें तो भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपने आखिरी ग्रुप मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 4-3 से पटखनी दी। इस के साथ ही भारतीय टीम ने टोक्यो ओलंपिक की अपनी दूसरी जीत हासिल की और ग्रुप में चौथे स्थान पर पहुंची।  

क्वार्टरफाइनल में पहुंचने का गणित

दरअसल अब भारत को क्वार्टरफाइनल में पहुंचने के लिए ग्रेट ब्रिटेन और आयरलैंड के मैच पर निर्भर रहना पड़ेगा।

नियमों के तहत हर ग्रुप से चार टीमें क्वार्टरफाइनल में पहुंचेंगी, लेकिन फिलहाल भारतीय टीम अपने सभी मुकाबले खेलकर ग्रुप ए में चौथे स्थान पर है।

जबकि ग्रेट ब्रिटेन चार मैच खेलकर तीसरे और आयरलैंड इतने ही मैच खेलकर पांचवें स्थान पर है।

अब ग्रेट ब्रिटेन और आयरलैंड की टीमें ग्रुप का आखिरी मुकाबला खेलेंगी और एक दूसरे से भिड़ेंगी।

इसमें अगर ब्रिटेन की टीम बाजी मारती है या मैच ड्रॉ खेलती है तो ऐसी स्थिति में भारत क्वार्टरफाइनल में पहुंचेगा लेकिन आयरलैंड की जीत पर भारत ओलंपिक से बाहर हो जाएगा। 

Back to top button