
AI और युवा पीढ़ी की सोच पर मंथन, अंतर-महाविद्यालयी वाद-विवाद में छात्रों ने रखे तर्क
AI के युवा पीढ़ी की सोच पर प्रभाव को लेकर छात्र-छात्राओं ने पक्ष-विपक्ष में रखे प्रभावशाली तर्क, सौम्या द्विवेदी ने हासिल किया प्रथम स्थान
Lucknow: नेचुरल टच वेलफेयर सोसायटी एवं महिला विद्यालय डिग्री कॉलेज, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में अंतर-महाविद्यालयी वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में “क्या AI युवा पीढ़ी की सोच पर प्रहार है?” विषय पर छात्र-छात्राओं ने पक्ष और विपक्ष में अपने तर्क प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते प्रभाव, युवाओं की सोच, रचनात्मकता और निर्णय क्षमता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रभावशाली ढंग से अपने विचार रखे। वक्ताओं ने विषय के पक्ष और विपक्ष में तार्किक तर्क प्रस्तुत कर अपनी वाक्पटुता का प्रदर्शन किया।
निर्णायकों ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. बलवंत सिंह, एसोसिएट प्रोफेसर, श्री जय नारायण मिश्र पीजी कॉलेज और डॉ. श्रद्धा सिन्हा, असिस्टेंट प्रोफेसर, महिला विद्यालय डिग्री कॉलेज शामिल रहीं।
निर्णायकों ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि वाद-विवाद प्रतियोगिता में विषय की मूल भावना को समझना और उसी के दायरे में तार्किक एवं संतुलित विचार प्रस्तुत करना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि किसी भी प्रतियोगिता में सहभागिता स्वयं में बड़ी उपलब्धि है। हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण यह है कि विद्यार्थी प्रतियोगिता से कुछ सीखें और अपने विचारों को प्रभावी तरीके से व्यक्त करना सीखें।
निर्णायकों ने नेचुरल टच वेलफेयर सोसायटी की ओर से विद्यार्थियों के शैक्षिक एवं बौद्धिक विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, आत्मविश्वास और विवेकपूर्ण निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यह भी पढ़ें…
Etawah के स्वतंत्रता सेनानियों की गाथा पर मंथन, पूर्व IPS की किताब ने खींचा ध्यान
सौम्या द्विवेदी ने हासिल किया पहला स्थान
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सौम्या द्विवेदी ने प्रथम स्थान, दीपांशी दीक्षित ने द्वितीय स्थान और राधिका गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में नेचुरल टच वेलफेयर सोसायटी की अध्यक्ष श्रीमती स्मृति एवं सचिव श्री प्रदीप उपस्थित रहे। महाविद्यालय की ओर से श्रीमती अनुपम सिंह, डॉ. कुसुम यादव, डॉ. आयुषी जायसवाल एवं डॉ. प्रज्ञा पांडे ने कार्यक्रम का समन्वयन किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन तृषा ने किया, जबकि आराध्या ने स्वयंसेवक के रूप में सहयोग प्रदान किया।
यह भी पढ़ें…
विकसित भारत बनाने की हमारा भी है संकल्प:Yogi
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर
नेचुरल टच वेलफेयर सोसायटी का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में सामान्य ज्ञान, भाषा दक्षता, तार्किक क्षमता और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति रुचि विकसित करना है। संस्था की ओर से इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए अंतर-महाविद्यालयी प्रतियोगिताओं का आयोजन लगातार किया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ समसामयिक विषयों पर गंभीरता से सोचने और अपने विचारों को तार्किक एवं प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है।
यह भी पढ़ें…





