हथिनी ने मगरमच्छ को उतार दिया मौत के घाट, दिलचस्प है वजह; आप भी जानें

elephant with baby

लुसाका (जाम्बिया)। कहते हैं अगर किसी बच्चे की कोई जान लेने की कोशिश करता है तो उसकी मां उसे नहीं छोड़ती, फिर चाहे वह इंसान का बच्चा हो या जानवर का।

ऐसा ही एक वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें एक हथिनी मगरमच्छ पर जबरदस्त तरीके से अटैक करती है। वह उसे तब तक रौंदती रहती है जब तक कि मगरमच्छ की मौत नहीं हो जाती है।

यह सब तब हुआ जब मगरमच्छ ने हथिनी के छोटे बच्चे पर अटैक करना चाहा। इसके बाद हथिनी को बुरी तरह गुस्सा आ गया।

डेली मेल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, घटना अफ्रीकी देश जाम्बिया की है। यहां हाथियों का एक झुंड जाम्बेजी नदी के किनारे पानी पीने आया था। इसी दौरान एक मगरमच्छ हथिनी के एक छोटे बच्चे की ओर बढ़ता हुआ दिखाई दिया। लगा कि वह उसपर अटैक करने वाला है।

पास खड़ी हथिनी को लग गया कि मगरमच्छ उसी ओर बढ़ रहा है। इसके बाद उसने मगरमच्छ के ऊपर आक्रमण कर दिया। हथिनी ने मगरमच्छ को तब तक रौंदा जब तक उसे मौत के घाट नहीं उतार दिया।

हथिनी ने मगरमच्छ को पानी में ही पटकना शुरू कर दिया। उसने अपनी सूंड़ से मगरमच्छ पर कई वार किए। इस दौरान मगरमच्छ ने उसके चंगुल से छूटने की भरपूर कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो पाया और न ही भाग पाया।

यहां देखें वीडियो

दिलचस्प बात यह भी है कि जहां दोनों की टक्कर हो रही थी वहां पानी भी काफी कम था, शायद इस वजह से मगरमच्छ भाग भी नहीं पाया।

वह कभी हथिनी के पैर के नीचे दिखाई दिया तो कभी सूंड़ के नीचे था। इस पूरी घटना को डेनमार्क के एक टूरिस्ट ने अपने कैमरे से फिल्माया है। इसका जबरदस्त वीडियो वायरल हुआ है।

Back to top button