चलती ट्रेन में ‘सुहागरात’ के बाद अब पूजा-पाठ का वीडियो, विवाद के बाद रेलवे ने दी सफाई

Train Puja Viral Video: चलती ट्रेन में रुद्राभिषेक और पूजा-पाठ के वीडियो पर रेलवे ने सफाई दी है। जानें पश्चिम एक्सप्रेस के सैलून कोच का पूरा सच और नियम।

Train Pooja Path Video: सोशल मीडिया पर आए दिन भारतीय रेलवे से जुड़े अतरंगे वीडियो वायरल होते रहते हैं। अभी हाल ही में एक ट्रेन कोच को ‘सुहागरात’ के लिए सजाने का विवाद थमा भी नहीं था कि अब चलती ट्रेन में पूजा-पाठ और रुद्राभिषेक का एक नया वीडियो इंटरनेट पर तेजी से सुर्खियां बटोर रहा है।

वीडियो के वायरल होते ही यूजर्स ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और नियमों पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। विवाद बढ़ता देख अब उत्तर रेलवे (Northern Railway) ने इस पर आधिकारिक सफाई पेश की है। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला।

वायरल वीडियो में क्या दिख रहा है?

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर शेयर किए गए इस वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रेन काफी तेज रफ्तार में चल रही है। कोच के फर्श पर एक पंडित जी बैठे हैं जो पूरे विधि-विधान से रुद्राभिषेक (पूजा-पाठ) करा रहे हैं। उनके आस-पास कुछ अन्य लोग भी बैठे हैं, जो एक ही परिवार के सदस्य लग रहे हैं। ट्रेन के भीतर चल रहे इस धार्मिक मंत्रोच्चार को देखकर इंटरनेट पर बहस छिड़ गई कि क्या ट्रेन में इसकी अनुमति है?

विवाद पर रेलवे ने दी सफाई

रेलवे के मुताबिक यह धार्मिक आयोजन एक सैलून कार में हुआ था, जिसे IRCTC के माध्यम से एक प्राइवेट पार्टी ने बुक किया था। इस विशेष कोच की बुकिंग ट्रेन नंबर 12926 पश्चिम एक्सप्रेस में की गई थी। इसके लिए रेलवे को एडवांस में लगभग 3 लाख रुपये का भुगतान किया था। रेलवे ने अपने बयान में कहा है कि इस निजी आयोजन से किसी भी आम यात्री की सुरक्षा, समय या सुविधा से कोई समझौता नहीं किया गया ।

क्या होती है सैलून कार (Saloon Car)?

बहुत से लोग नहीं जानते कि भारतीय रेलवे में ‘सैलून कार’ क्या होती है। दरअसल, यह एक तरह का चलता-फिरता प्राइवेट लग्जरी घर या होटल होता है, जिसे मुख्य रूप से बड़े अधिकारियों और वीआईपी लोगों के लिए डिजाइन किया जाता है। इसमें एसी बेडरूम, एक छोटा किचन, लिविंग और डाइनिंग रूम के साथ अटैच्ड वॉशरूम जैसी तमाम आलीशान सुविधाएं होती हैं। आम जनता भी तय गाइडलाइंस के तहत भारी-भरकम फीस चुकाकर IRCTC के जरिए इसे निजी आयोजनों के लिए बुक कर सकती है।

आपको बता दें कि इससे पहले नंदीग्राम एक्सप्रेस के फर्स्ट क्लास एसी कूपे का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसे फूलों और गुब्बारों से ‘सुहागरात’ के बेड की तरह सजाया गया था।

Back to top button