अवैध निर्माण के खिलाफ LDA सख्त, होटल नोवोटेल का लोअर बेसमेंट किया सील…

Lucknow News: राजधानी में अवैध निर्माण और भवनों के नियम विरुद्ध उपयोग के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने सोमवार को गोमतीनगर स्थित होटल नोवोटेल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। एलडीए की प्रवर्तन जोन-1 की टीम ने होटल के लोअर बेसमेंट को सील कर दिया। जांच में सामने आया कि जिस स्थान को स्वीकृत मानचित्र में पार्किंग के लिए आरक्षित दिखाया गया था, वहां अवैध रूप से व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।

यह कार्रवाई एलडीए और अग्निशमन विभाग की संयुक्त जांच के बाद की गई। दोनों विभागों की टीम शहर के विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि भवनों का उपयोग स्वीकृत मानचित्र और सुरक्षा मानकों के अनुरूप हो रहा है।

पार्किंग की जगह चल रही थीं व्यावसायिक गतिविधियां
एलडीए के प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि गोमतीनगर के विराज खंड स्थित भूखंड संख्या सीपी-74 पर लगभग 2,400 वर्गमीटर क्षेत्रफल में निर्मित होटल नोवोटेल का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान पाया गया कि स्वीकृत भवन मानचित्र के अनुसार होटल के लोअर बेसमेंट को पार्किंग के लिए निर्धारित किया गया था, लेकिन वहां पार्किंग के बजाय व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।

उन्होंने बताया कि पार्किंग क्षेत्र का इस तरह व्यावसायिक उपयोग न केवल भवन मानचित्र का उल्लंघन है, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा की दृष्टि से भी गंभीर चिंता का विषय है। नियमों के उल्लंघन को देखते हुए संबंधित बेसमेंट क्षेत्र को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

अग्निशमन सुरक्षा मानकों की भी हुई जांच
एलडीए और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने निरीक्षण के दौरान भवन में अग्नि सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों का भी परीक्षण किया। अधिकारियों का कहना है कि बड़े होटल, मॉल और व्यावसायिक परिसरों में पार्किंग क्षेत्र खाली और निर्धारित उपयोग के अनुरूप होना जरूरी है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित की जा सके।

यह भी पढ़ें…

श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट की वेबसाइट से गायब हुआ चंपत राय का नाम, बढ़ीं चर्चाएं…

गोमतीनगर विस्तार में कार वर्कशॉप पर भी कार्रवाई
अभियान के दौरान एलडीए की टीम ने गोमतीनगर विस्तार क्षेत्र में भी कार्रवाई की। यहां आवासीय भू-उपयोग वाले एक भूखंड पर अवैध रूप से कार वर्कशॉप संचालित की जा रही थी। प्राधिकरण ने इसे भूमि उपयोग नियमों का उल्लंघन मानते हुए संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ भी प्रवर्तन कार्रवाई की।

यह भी पढ़ें…

UP News: ग्राम प्रधानों को प्रशासक बनाने के फैसले पर टली सुनवाई, जानें हाई कोर्ट ने क्या कहा…?

आगे भी जारी रहेगा अभियान
एलडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राजधानी में अवैध निर्माण, मानचित्र के विपरीत भवन उपयोग और भूमि उपयोग नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्राधिकरण ने भवन स्वामियों और संस्थानों से अपील की है कि वे स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही भवनों का उपयोग करें और सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर भविष्य में भी सीलिंग और अन्य विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें…

ज्ञानवापी केस में बातचीत के लिए राजी हुआ मुस्लिम पक्ष, आज वाराणसी में अहम बैठक

Back to top button