
लखनऊ की नन्ही जिम्नास्ट मोहलक्षिका का कमाल, जिमनास्टिक में जीता स्वर्ण पदक
Lucknow News: लखनऊ के ला मार्टिनियर गर्ल्स कॉलेज की कक्षा एक की छात्रा मोहलक्षिका सिंह ने जिला स्तरीय जिमनास्टिक प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए इंडिविजुअल एवं ट्रायो श्रेणी में स्वर्ण पदक अर्जित किया।
Lucknow News: लखनऊ की ला मार्टिनियर गर्ल्स कॉलेज की कक्षा एक की प्रतिभाशाली छात्रा मोहलक्षिका सिंह ने अपनी नन्ही उम्र में बड़ा कारनामा किया है। जिला स्तरीय जिमनास्टिक प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने एरोबिक जिमनास्टिक (नेशनल डेवलपमेंट कैटेगरी) में इंडिविजुअल एवं ट्रायो दोनों श्रेणियों में स्वर्ण पदक हासिल कर सभी को गर्व महसूस कराया। मोहलक्षिका के इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर उन्हें नवंबर माह में प्रयागराज में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया है।
प्रतियोगिता में दिखाया दमखम
यह प्रतियोगिता लखनऊ पब्लिक स्कूल, सेक्टर-4, वृंदावन योजना में आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न स्कूलों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सभी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच मोहलक्षिका ने अपनी लय, संतुलन और अद्भुत प्रदर्शन से निर्णायकों को प्रभावित किया। मोहलक्षिका के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राज्य स्तरीय जिमनास्टिक प्रतियोगिता के लिए किया गया है, जो नवंबर माह में प्रयागराज में आयोजित होगी। यह उपलब्धि उनके समर्पण और मेहनत का परिणाम है।
शिक्षकों और कोच ने दी बधाई
इस अवसर पर संगठन की सचिव ज्योति वर्मा और कोच मनीष त्रिपाठी ने मोहलक्षिका की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि “मोहलक्षिका ने कम उम्र में जिस आत्मविश्वास और अनुशासन का परिचय दिया है, वह प्रेरणादायक है। हमें विश्वास है कि वह राज्य स्तर पर भी लखनऊ का नाम रोशन करेंगी।”
उज्ज्वल भविष्य की कामना
स्कूल परिवार ने भी मोहलक्षिका को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनकी यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। इतनी कम उम्र में इस स्तर की सफलता हासिल करना न केवल मोहलक्षिका के परिवार के लिए गौरव की बात है, बल्कि पूरे लखनऊ शहर के लिए भी गर्व का क्षण है। यह उपलब्धि साबित करती है कि प्रतिभा और दृढ़ संकल्प की कोई उम्र नहीं होती।





