
CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, बारिश के बीच बैरीकेडिंग पर चढ़े अजय राय
Lucknow Congress Protest: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। मूसलाधार बारिश के बावजूद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की अगुआई में सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय की ओर बढ़ रहे कांग्रेसियों को जब पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोका, तो माहौल गरमा गया और पुलिस तथा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प देखने को मिली।
पुलिस बैरिकेडिंग पर चढ़े अजय राय
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से शुरू हुआ यह पैदल मार्च जैसे ही सुन्नी वक्फ बोर्ड कार्यालय के करीब पहुंचा, वहां पहले से मौजूद भारी पुलिस बल ने लोहे की मजबूत बैरिकेडिंग लगाकर रास्ता ब्लॉक कर दिया। तेज बारिश के बीच भी कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय युवा नेताओं के साथ खुद बैरिकेडिंग के ऊपर चढ़कर उसे फांदने की कोशिश करने लगे। अजय राय और आराधना मिश्रा समेत कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए।
इस दौरान पुलिसकर्मियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग भी किया।
कांग्रेसी भेजे गए इको गार्डन
सुरक्षा बलों ने बैरिकेडिंग पर चढ़े प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को बलपूर्वक नीचे उतारा और परिसर से हिरासत में ले लिया। पुलिस की गाड़ियों में भरकर अजय राय और आराधना मिश्रा समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बस में भरा और इको गार्डन भेज दिया गया।
अजय राय ने आरोप लगाया कि देश में संवैधानिक मर्यादाओं की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं और चुनाव आयोग की स्वायत्तता पर हमला किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निष्पक्ष चुनाव ही लोकतंत्र की रीढ़ हैं और जब तक ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाकर गिरफ्तार नहीं किया जाता, कांग्रेस का सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष जारी रहेगा।
मुख्य चुनाव आयुक्त से जुड़ा विवाद
कांग्रेस का यह देशव्यापी विरोध-प्रदर्शन हाल ही में चुनाव आयोग के भीतर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है। कांग्रेस का आरोप है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बाकी दोनों चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों और असहमति को दरकिनार करते हुए एकतरफा फैसले लिए हैं।
इसी को लेकर कांग्रेस पार्टी ने सभी राज्यों में राज्य निर्वाचन आयोग के दफ्तरों के बाहर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, उनकी गिरफ्तारी और फैसलों की निष्पक्ष समीक्षा की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है।





