
नववर्ष के उल्लास में डूबा लखनऊ… हजरतगंज से मंदिरों तक दिखा जश्न और आस्था का संगम
New Year Celebration: नवाबों के शहर लखनऊ ने नए साल का स्वागत पूरे उल्लास, उमंग और सांस्कृतिक सौहार्द के साथ किया। बुधवार शाम से ही शहर का माहौल बदला-बदला नजर आने लगा था। जैसे-जैसे रात गहराती गई, नए साल के जश्न का उत्साह भी अपने चरम पर पहुंचता गया। घड़ी की सुइयों ने जैसे ही 12 बजाए, पूरे शहर में ‘हैप्पी न्यू ईयर’ की गूंज सुनाई देने लगी।
होटल, रेस्टोरेंट और क्लबों में जहां युवा जश्न मनाते दिखे, वहीं बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ शहर की सड़कों पर निकलकर लखनऊ की रातों की खूबसूरती के बीच नए साल का स्वागत करते नजर आए।
हजरतगंज में उमड़ी भीड़, देर रात तक थमी नहीं रौनक
नए साल की रात शहर का प्रमुख इलाका हजरतगंज जश्न का सबसे बड़ा केंद्र बन गया। शाम होते-होते यहां लोगों की भारी भीड़ जमा होने लगी। दुकानों, कैफे और सड़कों पर लोगों की आवाजाही इतनी बढ़ गई कि देर रात तक जाम की स्थिति बनी रही। रौशनी और चहल-पहल से हजरतगंज पूरी तरह जगमगाता रहा।

बाजारों में दिखा नए साल का खुमार
नववर्ष के स्वागत का असर शहर के सभी प्रमुख बाजारों में साफ दिखाई दिया। हजरतगंज के अलावा आलमबाग, इंदिरानगर और गोमतीनगर के बाजारों में भी शाम से ही रौनक बढ़ती चली गई। लोग खरीदारी करते, खान-पान का आनंद लेते और एक-दूसरे को नए साल की शुभकामनाएं देते नजर आए।

मंदिरों में देर रात तक गूंजते रहे जयकारे
नए साल की शुरुआत श्रद्धा और भक्ति के साथ करने वालों की भी कमी नहीं रही। हनुमान सेतु सहित शहर के प्रमुख मंदिरों में देर रात तक भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर नए साल में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसरों में देर रात तक जयकारे गूंजते रहे।

यह भी पढ़ें…
UP News: खेत से साग तोड़कर घर आ रही थीं सगी बहनें, पटरी पार करते समय आईं ट्रेन…
क्लबों और मॉल्स में देर रात तक चला जश्न
नए साल की रात शहर के क्लबों और मॉल्स में भी खास उत्साह देखने को मिला। समिट बिल्डिंग, Phoenix Palassio और गोमतीनगर विस्तार के कई क्लबों में डीजे नाइट और थीम पार्टियों का आयोजन किया गया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए इन इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

नववर्ष के पहले दिन मंदिरों में विशेष इंतजाम
नए साल के पहले दिन प्रभु के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिरों में विशेष व्यवस्था की गई है। हनुमान सेतु, खाटू श्याम और मनकामेश्वर महादेव समेत शहर के तमाम मंदिरों के कपाट दिनभर खुले रहेंगे। इस दौरान विशेष पूजा, आरती और धार्मिक आयोजनों का आयोजन भी किया जाएगा।

यह भी पढ़ें…
UP Police Vacancy: न्यू ईयर पर खुला सरकारी नौकरी का पिटारा, कांस्टेबल के पदों पर भर्ती शुरू
गुरुद्वारों में श्रद्धा के साथ मनाया गया नववर्ष
नए साल की पूर्व संध्या पर शहर के गुरुद्वारों में भी धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। नाका स्थित गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा में विशेष गुरबानी कीर्तन और सिमरन जाप हुआ। रात 12 बजते ही गुरु ग्रंथ साहिब पर पुष्पवर्षा कर नए साल का स्वागत किया गया।
वहीं यहियागंज स्थित गुरुद्वारा गुरु तेग बहादुर साहिब में भी विशेष दीवान सजाया गया और संगत ने नए साल की खुशियों को साझा किया।

जश्न, आस्था और तहज़ीब का खूबसूरत नज़ारा
कुल मिलाकर, लखनऊ में नए साल का स्वागत जश्न, आस्था और सामाजिक सौहार्द के अनूठे संगम के रूप में देखने को मिला। नवाबों के शहर ने एक बार फिर साबित कर दिया कि यहां हर त्योहार और हर खुशी को तहज़ीब और शालीनता के साथ मनाया जाता है।
यह भी पढ़ें…





