
रामलला प्राण प्रतिष्ठा द्वादशी: अयोध्या में भव्य समारोह, रक्षा मंत्री और सीएम योगी बने साक्षी
Ram Mandir Pran Pratishtha Dwadash: रामलला की प्राण प्रतिष्ठा द्वादशी के पावन अवसर पर अयोध्या में भव्य धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह वही दिन है जब दो साल पहले रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। पूरे मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार, यज्ञ, हवन और पारंपरिक पूजा-अर्चना की गई।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का संदेश
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सियावर रामचंद्र की जयघोष के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि “आज इस पावन भूमि पर आकर मैं अभिभूत हूं। रामलला का यह मंदिर 500 वर्षों के इंतजार के बाद भव्य रूप में विराजमान हुआ। यह मंदिर हजारों वर्षों तक भगवान श्रीराम के जीवन का गुणगान करेगा।”
रक्षा मंत्री ने आगे कहा कि राम की मर्यादा हमारी पहचान है। राम शत्रु से युद्ध करते हुए भी अपनी मर्यादा का पालन करते हैं। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का उदाहरण देते हुए बताया कि भारत ने आतंकियों के खिलाफ मर्यादित और नियंत्रित कार्रवाई की।
साथ ही रक्षा मंत्री ने घोषणा की कि भगवान राम के मंदिर के बाद सीतामढ़ी में माता जानकी का भव्य मंदिर भी बनाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस परियोजना की लगातार जानकारी ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सियावर रामचंद्र की जय, भारत माता की जय और वंदे भारत के उद्घोष के साथ अपने भाषण की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत के बाद रामजन्मभूमि आंदोलन ने अयोध्या में कई महत्वपूर्ण परिणाम दिए। उन्होंने बताया कि पिछली सरकार ने अयोध्या को लहूलुहान करने का प्रयास किया था, लेकिन अब अयोध्या विकास की अग्रिम पंक्ति में खड़ा है।
सीएम ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में अयोध्या में 45 करोड़ से अधिक श्रद्धालु आए हैं। अब बिजली, पानी, सड़क और कनेक्टिविटी जैसी सभी सुविधाएं पूरी तरह उपलब्ध हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अब कोई श्रद्धालु मंदिर आता है तो अभिभूत होकर जाता है। “यह यात्रा का विराम नहीं, बल्कि यात्रा की शुरुआत है।”
यह भी पढ़ें…
लखनऊ में कबाड़ी को बेचीं गईं प्राइमरी स्कूल की किताबें… वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
राम मंदिर परिसर में दौरा और अनुष्ठान
रक्षा मंत्री और सीएम योगी ने मंदिर परिसर में जटायु टीला और कुबेर टीला का दौरा किया। मंदिर में यज्ञशाला में चल रहे अनुष्ठान में दोनों शामिल हुए। रक्षा मंत्री ने अन्नपूर्णा मंदिर पर ध्वजारोहण किया और अंगद टीला पर संबोधन दिया।
प्रधानमंत्री मोदी की प्रार्थना
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा, “मर्यादा पुरुषोत्तम की प्रेरणा हर देशवासी के हृदय में सेवा, समर्पण और करुणा की भावना को और प्रगाढ़ करे, जो समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का आधार बने।”
यह भी पढ़ें…
लखनऊ के LuLu Mall का बैंक अकाउंट सीज, टैक्स बकाया होने पर बड़ी कार्रवाई
श्रद्धालुओं की भागीदारी
इस भव्य आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। पूरे अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा द्वादशी को ऐतिहासिक और भव्य रूप से मनाया गया। मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान, यज्ञ और पूजा के साथ-साथ संस्कृति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।
राम मंदिर और माता जानकी के भविष्य के मंदिर निर्माण के साथ अयोध्या अब धर्म, संस्कृति और विकास का प्रतीक बनकर उभर रहा है।
यह भी पढ़ें…





