Lucknow: बिजली कटौती पर फूटा लोगों का गुस्सा, JE को 13 KM तक दौड़ाया

Lucknow News: लखनऊ में भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती से गुस्साए उपभोक्ताओं ने FCI उपकेंद्र के जूनियर इंजीनियर (JE) को बंधक बनाने की कोशिश की और जान बचाकर भाग रहे जेई को 13 किमी तक दौड़ाया।

Lucknow Power Cut News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भीषण गर्मी और उमस के बीच अघोषित बिजली कटौती से आम जनता का सब्र टूट गया है। शहर के कई इलाकों में बिजली संकट को लेकर भारी हंगामा देखने को मिल रहा है। इसी बीच लखनऊ से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां लगातार हो रही कटौती से नाराज उपभोक्ताओं ने एक जूनियर इंजीनियर (JE) को करीब 13 किलोमीटर तक दौड़ा लिया।

JE को बंधक बनाने की कोशिश

मिली जानकारी के मुताबिक, लेसा (LESA) के शकुंतला मिश्रा और एफसीआई (FCI) उपकेंद्र के तहत आने वाले जाहिद नगर, नाजिम नगर और हर्षनगर जैसे इलाकों में पिछले कई दिनों से रात के समय लगातार बिजली गुल रह रही थी। शनिवार रात को जब जाहिद नगर फीडर पर ट्रांसफार्मर ठीक करने के दौरान उपभोक्ताओं की लाइनमैन से कहासुनी हो रही थी, तभी एफसीआई के जेई जहांगीर आलम अपनी कार से वहां पहुंचे।

ये भी पढ़े-Lucknow में बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा पर हंगामा, FD फर्जीवाड़े के विरोध में प्रदर्शन…

एक्सप्रेस-वे पर भागकर बचाई जान

जेई को देखते ही गुस्साए उपभोक्ताओं ने उन्हें घेर लिया और बंधक बनाने की कोशिश की। माहौल बिगड़ता देख जेई जहांगीर आलम किसी तरह अपनी जान बचाकर कार से भागे। इसके बाद उग्र भीड़ ने बाइक से उनकी कार का पीछा करना शुरू कर दिया। जेई ने आलमनगर ओवरब्रिज के नीचे से यू-टर्न लिया और आगरा एक्सप्रेस-वे की तरफ गाड़ी दौड़ा दी। करीब 13 किलोमीटर तक पीछा किए जाने के बाद जेई सुरक्षित बच सके। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

ये भी पढ़े-Lucknow Fire: अलीगंज के बाद अब विकास नगर में आग का तांडव, मची अफरा-तफरी

कई इलाकों में ठप रही सप्लाई

बिजली संकट का यह गुस्सा सिर्फ एक उपकेंद्र तक सीमित नहीं रहा। पीजीआई क्षेत्र के अंबेडकर विश्वविद्यालय उपकेंद्र पर नाराज लोगों ने सभी फीडरों की सप्लाई बंद करा दी। एबीसी तार जलने के कारण साउथ सिटी और उतरेटिया समेत कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रही, जिसके बाद पुलिस और बिजली विभाग के बड़े अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को शांत कराया। वहीं दुबग्गा में आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।

ये भी पढ़े-Lucknow: हजरतगंज में रैपिडो ऑटो में युवती से छेड़खानी, आरोपी युवक को पुलिस ने दबोचा

अधिकारियों का क्या है कहना?

अमौसी जोन के मुख्य अभियंता राम कुमार ने बताया कि शकुंतला विश्वविद्यालय उपकेंद्र में ओवरलोडिंग की समस्या है, जिसे दूर करने के लिए एक हफ्ते के भीतर 5 MVA का नया पावर ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अन्य उपकेंद्रों में अचानक आए तकनीकी फॉल्ट के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे दुरुस्त करने का प्रयास किया जा रहा है।

ये भी पढ़े- Lucknow News: पत्रकारपुरम पुलिस चौकी के पास ताबड़तोड़ फायरिंग, रेस्टोरेंट कर्मी को लगी गोली

Back to top button