
Lucknow News: ‘शर्मा चाय’ मालिक के बेटे के बर्थडे पार्टी में तड़तड़ाईं गोलियां, विरोध पर कर्मचारियों को पीटा
लखनऊ में शर्मा चाय के मालिक के बेटे गौरव शर्मा ने बर्थडे पार्टी में की ताबड़तोड़ फायरिंग। 14 पर केस, कनकहा चौकी इंचार्ज सस्पेंड।
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के हज़रतगंज स्थित सुप्रसिद्ध ‘शर्मा जी की चाय’ के संचालक के बेटे गौरव शर्मा की बर्थडे पार्टी में जमकर बवाल हुआ। मोहनलालगंज इलाके में सिसेंडी-मदारपुर मार्ग पर स्थित स्पैरो रिसॉर्ट में आयोजित इस पार्टी के दौरान नशे में धुत होकर ताबड़तोड़ हर्ष फायरिंग (Celebratory Firing) की गई। जब रिसॉर्ट के कर्मचारियों ने जानलेवा साबित हो सकने वाली इस फायरिंग का विरोध किया, तो दबंगों ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
डीजे पर डांस के दौरान निकाली पिस्टल
मिली जानकारी के अनुसार, हज़रतगंज के लालबाग निवासी शर्मा टी स्टॉल के मालिक के बेटे गौरव शर्मा का जन्मदिन था। उसके दोस्तों ने मोहनलालगंज के रिसॉर्ट में रविवार-सोमवार की रात करीब 35 से 40 दोस्तों के साथ एक पार्टी रखी थी।
रात लगभग 11 बजे डीजे पर डांस के दौरान नशे में धुत गौरव और उसके साथियों ने अचानक पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग से दहल उठे रिसॉर्ट के मेंटेनेंस कर्मचारी जितेंद्र सिंह व अन्य स्टाफ ने जब उन्हें ऐसा करने से रोका, तो दबंगों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और कर्मचारियों को खदेड़-खदेड़ कर पीटा।
मुख्य आरोपी गौरव शर्मा हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही जब तक स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक ज्यादातर आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने मुख्य आरोपी गौरव शर्मा को हिरासत में ले लिया है। इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने कहा की रिसॉर्ट कर्मचारी की तहरीर पर गौरव शर्मा समेत 14 नामजद व अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास और मारपीट समेत कई गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। मौके से 4 खोखे बरामद हुए हैं, हालांकि असलहा बरामदगी के लिए दबिश जारी है।
ये भी पढ़े- Lucknow News: राजाजीपुरम में बिजली के खंभे में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी
जांच में ढिलाई पर चौकी इंचार्ज सस्पेंड
इस संवेदनशील मामले में लापरवाही बरतने पर लखनऊ पुलिस प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। एसीपी मोहनलालगंज की शुरुआती जांच में कनकहा चौकी के प्रभारी/विवेचक निमेश दुबे की भूमिका में लापरवाही सामने आई, जिसके बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर चौकी इंचार्ज निमेश दुबे को सस्पेंड कर दिया गया है।
ये भी पढ़े- Lucknow News: जवाहर भवन की चौथी मंजिल पर लगी आग, फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर





