
Lucknow News: राजाजीपुरम में बिजली के खंभे में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी
लखनऊ के राजाजीपुरम स्थित बाथम चौराहे पर 11 हजार वोल्ट के बिजली के खंभे में लगी भीषण आग। मची अफरा-तफरी, बिजली आपूर्ति ठप।
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के राजाजीपुरम (Rajajipuram) इलाके से बिजली की चिंगारी से अफरा-तफरी का मामला सामने आया है। राजाजीपुरम स्थित व्यस्त बाथम चौराहे पर लगे 11 हजार वोल्ट (11KV) की हाई-टेंशन बिजली लाइन के खंभे में अचानक भीषण आग लग गई।
खंभे से उठती तेज लपटों और चिंगारियों को देखकर चौराहे पर मौजूद राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय निवासियों में हड़कंप मच गया और वे अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
शार्ट सर्किट के बाद धू-धू कर जला खंभा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चौराहे पर स्थित 11KV लाइन के पोल पर लगे केबलों और तारों के जाल में अचानक शार्ट सर्किट (Short Circuit) हुआ। देखते ही देखते धमाकों की तेज आवाजों के साथ आग की लपटें निकलने लगीं। खंभे में आग लगते ही तारों से गिरती चिंगारियों के कारण चौराहे का आवागमन कुछ देर के लिए पूरी तरह थम गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई और लेसा (LESA) के संबंधित बिजली उपकेंद्र को सूचना देकर इलाके की बिजली आपूर्ति (Power Supply) को तत्काल प्रभाव से बंद करवाया।
ये भी पढ़े- Lucknow News: जवाहर भवन की चौथी मंजिल पर लगी आग, फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर
दमकल की टीम मौके पर
बिजली सप्लाई कटने के बाद स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।
आग बुझने के बाद लेसा (Lucknow Electricity Supply Administration) के लाइनमैन और तकनीशियन खंभे और जले हुए केबलों की मरम्मत के लिए मौके पर पहुंचे हैं। इस घटना के कारण राजाजीपुरम के बाथम चौराहा और आसपास के बड़े इलाके में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ये भी पढ़े- जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर से पहले जानिए, कौन थे मौलाना मोहम्मद अली जौहर?





