Lucknow Traffic Alert: IND vs AFG मैच और मोहर्रम जुलूस से आज कई रास्ते बंद…

Lucknow Route Diversion Today: लखनऊ में आज (17 जून) भारत बनाम अफगानिस्तान वनडे मैच और मोहर्रम के शाही जरीह जुलूस के चलते ट्रैफिक व्यवस्था में भारी बदलाव किया गया है।

Lucknow Route Diversion Today: राजधानी लखनऊ में आज (17 जून) दो बड़े आयोजनों के चलते यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। सुल्तानपुर रोड स्थित भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आज भारत और अफगानिस्तान (IND vs AFG) के बीच रोमांचक वनडे मुकाबला खेला जाएगा। वहीं दूसरी ओर, आज ही मोहर्रम के अवसर पर ऐतिहासिक आसिफी इमामबाड़े से शाही जरीह का पारंपरिक जुलूस भी निकाला जाएगा।

इन दोनों आयोजनों में जुटने वाली भारी भीड़ को देखते हुए लखनऊ ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान लागू किया है।

1. इकाना स्टेडियम (IND vs AFG Match) ट्रैफिक डायवर्जन

मैच के दौरान विशेष रूप से शहीद पथ और सुल्तानपुर रोड के आसपास वाहनों का अत्यधिक दबाव रहेगा। इसके लिए निम्नलिखित रास्ते बदले गए हैं:

  • कमता और शहीद पथ बंद: अयोध्या रोड की तरफ से आने वाला सामान्य यातायात कमता शहीद पथ तिराहे से सुल्तानपुर, रायबरेली और कानपुर रोड की ओर नहीं जा सकेगा। इन वाहनों को कमता तिराहा, इंदिरा प्रतिष्ठान, समतामूलक चौराहा, लालबत्ती, करियप्पा और तेलीबाग होकर जाना होगा।

  • 1090 चौराहे का इस्तेमाल: कानपुर रोड शहीद पथ तिराहे से सुल्तानपुर, रायबरेली और अयोध्या रोड जाने वाले वाहन बाराबिरवा, बंगलाबाजार, तेलीबाग, करियप्पा, लालबत्ती चौराहा और 1090 चौराहे का वैकल्पिक मार्ग अपना सकते हैं।

  • भारी वाहनों पर पाबंदी: गोसाईगंज तिराहा और अमूल डेरी कटिंग से अहिमामऊ की तरफ बस, ट्रक और अन्य कमर्शियल वाहन नहीं जा सकेंगे। इन्हें वृंदावन योजना या कबीरपुर किसान पथ की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। उतरेठिया अंडरपास से भी भारी वाहनों की चढ़ाई प्रतिबंधित रहेगी।

  • अहिमामऊ चौराहा रहेगा सील: अहिमामऊ चौराहे से प्लासियो मॉल की तरफ जाने वाला रास्ता बंद रहेगा। मैच शुरू होने (सुबह 11:00 बजे) से लेकर मैच खत्म होने तक अहिमामऊ चौराहे पर यू-टर्न पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, केवल बाएं मुड़ने की अनुमति होगी। कानपुर जाने वाले वाहन रैम्प से नीचे नहीं उतर पाएंगे।

  • लुलु मॉल से डायवर्जन: सुल्तानपुर रोड से आने वाले सामान्य वाहन अमूल तिराहे से अहिमामऊ नहीं जा सकेंगे। इन्हें लुलु मॉल कटिंग से शहीद पथ पर भेजा जाएगा।

सुबह 10:00 बजे से रात 10:00 बजे तक शहीद पथ पर भयंकर जाम की स्थिति बन सकती है। कानपुर, आगरा एक्सप्रेस-वे, बाराबिरवा और अमौसी (एयरपोर्ट) जाने वाले लोग शहीद पथ के बजाय शहर के अंदरूनी वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।

2. मोहर्रम का शाही जरीह जुलूस

हजरत इमाम हुसैन और उनके 71 साथियों की याद में आज शाम 5:00 बजे से पुराने लखनऊ में ‘शाही जरीह’ का ऐतिहासिक जुलूस निकाला जाएगा। यह जुलूस बड़े (आसिफी) इमामबाड़े से शुरू होकर छोटे इमामबाड़े पर जाकर समाप्त होगा। इस दौरान दोपहर 3:00 बजे से ही निम्नलिखित रूट लागू रहेंगे:

  • शाहमीना तिराहा से पक्का पुल बंद: शाहमीना तिराहे से पक्का पुल होते हुए बड़े इमामबाड़े की तरफ गाड़ियां नहीं जा सकेंगी। यह ट्रैफिक मेडिकल कॉलेज चौराहा, चरक चौराहा, चौक, कोनेश्वर या डालीगंज पुल से आईटी चौराहे की तरफ डायवर्ट रहेगा।

  • नींबू पार्क मार्ग ब्लॉक: नींबू पार्क (रूमी गेट चौकी चौराहा) से कोई भी वाहन बड़े इमामबाड़े, घंटाघर या छोटे इमामबाड़े की तरफ नहीं बढ़ सकेगा। वाहनों को चरक चौराहा या बंधा रोड होते हुए नए पक्के पुल से भेजा जाएगा।

  • ग्रीन कॉरिडोर पर पाबंदी: ग्रीन कॉरिडोर से आने वाले वाहन नींबू पार्क चौराहे की तरफ नहीं आ सकेंगे। इन्हें टीले वाली मस्जिद या नया पक्का पुल पार कराकर खदरा की ओर मोड़ दिया जाएगा।

  • नक्खास और विक्टोरिया स्ट्रीट बंद: नक्खास तिराहे से विक्टोरिया स्ट्रीट की तरफ वाहनों का जाना मना रहेगा, उन्हें रकाबगंज पुल के रास्ते भेजा जाएगा। इसके अलावा, मेडिकल क्रॉस (चरक) चौराहे से भी फूलमंडी और नींबू पार्क की तरफ जाने वाले रास्ते बंद रहेंगे।

लखनऊ पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए डायवर्जन प्लान को देखकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं और जिम्मेदार नागरिक के रूप में यातायात नियमों का पालन करें।

Back to top button