‘रसगुल्ला’ बोलकर दोस्त ने खिलाया सुअरमार बम, मुंह में रखते ही हुआ धमाका

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले से एक खौफनाक घटना सामने आई है। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पड़रिया छांटा गांव में एक व्यक्ति को उसके ही परिचित ने ‘रसगुल्ला’ बताकर सुअर मारने वाला खतरनाक विस्फोटक (Pig Bomb) खाने के लिए दे दिया।

अनजान युवक ने जैसे ही उसे मिठाई समझकर मुंह में रखकर चबाया, जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना भयानक था कि युवक का जबड़ा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

युवक को दिया खतरनाक धोखा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना मंगलवार देर शाम की है। 35 वर्षीय मृतक राजेंद्र बरौतिया अपने परिवार के साथ रात का खाना खाने के बाद घर के आंगन में जल रही आग के पास बैठकर ठंड से राहत ले रहा था। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला रामभगत बरौतिया वहां आया और उसके पास बातचीत करने के लिए बैठ गया।

आरोप है कि दोनों के बीच सामान्य बातचीत चल रही थी, तभी रामभगत ने राजेंद्र को एक वस्तु दी और उसे ‘रसगुल्ला’ बताकर खाने को कहा। राजेंद्र को इस बात का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि उसके साथ क्या खौफनाक खेल खेला जा रहा है। उसने मिठाई समझकर उस वस्तु को अपने मुंह में रख लिया।

मुंह में रखते ही हुआ धमाका

राजेंद्र ने जैसे ही उस विस्फोटक पदार्थ को मुंह में रखकर दांतों से दबाया, उसमें भीषण धमाका हो गया। विस्फोट सीधा उसके मुंह के भीतर हुआ, जिससे उसका जबड़ा और मुंह बुरी तरह उड़ गया। अचानक हुए इस तेज धमाके की आवाज सुनकर घर और आसपास के लोग तुरंत मौके पर दौड़े। खून से लथपथ गंभीर रूप से घायल राजेंद्र को परिजन तुरंत आनन-फानन में ऑटो से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसकी जान बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उसकी हालत बेहद नाजुक होने के कारण उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डिंडौरी कोतवाली पुलिस ने आरोपी रामभगत बरौतिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और विस्फोटक अधिनियम (Explosive Substances Act) की धाराओं के तहत गंभीर मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस अब इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि आरोपी के पास यह सुअरमार विस्फोटक कहां से आया था और इसके पीछे उसकी क्या मंशा थी। आरोपी फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर है और उसकी तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।

Back to top button