नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफॉर्म से बाजार में उत्साह, सीएम योगी ने हजरतगंज में लिया जायजा

Lucknow News: देशभर में लागू किए गए नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफॉर्म का असर बाजारों में साफ नजर आने लगा है। नवरात्रि के शुभ अवसर पर बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को राजधानी लखनऊ के हजरतगंज बाजार पहुंचे और वहां की दुकानों का जायजा लिया। सीएम ने व्यापारियों से बातचीत की और उनसे जीएसटी सुधारों के असर के बारे में जाना।

व्यापारियों ने जताई खुशी, पीएम मोदी को दिया धन्यवाद
सीएम योगी के इस दौरे के दौरान यूनिवर्सल बुक सेलर समेत कई दुकानों पर रौनक देखने को मिली। यूनिवर्सल बुक सेलर के मालिक राघव प्रकाश ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीएसटी रिफॉर्म लाकर एक सराहनीय कार्य किया है। स्टेशनरी पर जीएसटी कम होने से लोगों की खरीद क्षमता बढ़ेगी और इससे समाज को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि न सिर्फ स्टेशनरी बल्कि ऑटोमोबाइल और जूट बैग जैसे कई सेक्टरों को भी इससे फायदा हुआ है।

राघव प्रकाश ने बताया कि पहले जूट बैग पर 12 प्रतिशत जीएसटी लगता था, जिसे घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। इसी तरह स्टेशनरी और गाड़ियों की कीमतों में कमी आने से लोग अपनी जरूरतें आसानी से पूरी कर पाएंगे। उन्होंने पीएम मोदी का आभार जताते हुए कहा कि नए जीएसटी स्लैब—5 और 18 प्रतिशत—लोगों के लिए राहत लेकर आए हैं।

लागत में कमी से जेब में बचेगा पैसा
व्यापारियों का मानना है कि जीएसटी सुधारों से लागत कम होगी, जिससे उपभोक्ताओं की जेब में पैसा बचेगा और बाजारों में रौनक बढ़ेगी। इसे लोगों ने नवरात्रि पर ‘खुशी का बोनस’ बताया है। व्यापारी गौरव प्रकाश ने भी कहा कि हमें स्वदेशी और मेक इन इंडिया को अपनाकर इस पहल का समर्थन करना चाहिए, ताकि भारत आत्मनिर्भर बन सके।

यह भी पढ़ें…

UP के पार्को का अजब खेल; प्रतिमाओं की सुरक्षा में हर माह 5 करोड़ खर्च…

सीएम योगी का बयान
हजरतगंज के दौरे के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा—
“नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफॉर्म देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के साथ ही महंगाई को न्यूनतम स्तर पर लाने में सहायक सिद्ध होगा। आज हर ओर से एक ही आवाज गूंज रही है—घटी जीएसटी मिला उपहार, धन्यवाद मोदी सरकार।”

यह भी पढ़ें…

नायरा एनर्जी और अक्षय पात्र ने कानपुर में रखी आधुनिक रसोई की नींव, बच्चों को मिलेगा पौष्टिक भोजन


नवरात्रि पर मिला उपहार
व्यापारियों और ग्राहकों के लिए यह सुधार नवरात्रि के दौरान किसी बोनस से कम नहीं है। लोग बाजारों में बढ़-चढ़कर खरीदारी कर रहे हैं और सरकार की इस पहल को अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाला ऐतिहासिक कदम बता रहे हैं।

यह भी पढ़ें…

छात्रों को समय से पहले मिलेगी छात्रवृत्ति, नवरात्र पर योगी सरकार का बड़ा फैसला

Back to top button